कोई चेहरा नहीं जिसके दम पर चुनाव जीत सकें… मीटिंग में विधायक ने जब कही ये बात तो क्या बोले राहुल गांधी

भोपाल: राहुल गांधी मंगलवार को मध्य प्रदेश को दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने के लिए शुरू किए गए अभियान में हिस्सा लिया। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भोपाल में इंदिरा भवन में आयोजित राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक को संबोधित किया और सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान राहुल गांधी के सामने एक बार फिर से पार्टी में गुटबाजी की बात सामने आई।

‘संगठन सृजन अभियान’ के बारे में जानकारी देते हुए अरुण यादव ने कहा कि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह पैदा करने के उद्देश्य से इसे शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “हम लंबे समय से राज्य में सत्ता में नहीं हैं और ‘मिशन-2028’ के तहत हम राज्य में फिर से अपनी सरकार बनाने के लिए काम करेंगे।”

सेमारिया विधायक ने किया सवाल

बैठक के दौरान सेमारिया विधायक अभय मिश्रा ने राहुल गांधी के सामने कहा कि प्रदेश में ऐसा कोई नेता नहीं है जिसके दम पर चुनाव जीता जा सके। बताया जा रहा है कि अभय मिश्रा के इस सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि मेरी नजर में 10 नेता ऐसे हैं जो जिनके नेतृत्व में मध्य प्रदेश का चुनाव जीता जा सकता है। इसके साथ ही राहुल गांधी ने पार्टी की एकजुटता का मैसेज दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी को कार्यकर्ताओं को एकजुट रहना होगा।

मिलकर काम करेंगे

राहुल गांधी के साथ बैठक के बाद विधायक बाला बच्चन ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए अच्छा संगठन तैयार हो, अच्छा नेटवर्क बने, सबको समान मौका मिले। उन्होंने कहा कि विधायकों के साथ बैठक में जो फैसला किया गया है उसी लाइन से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर काम करना होगा।

पार्टी को मजबूत करने के निर्देश

कांग्रेस कार्यकर्ता को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए जिला स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक काम करना होगा। इसके लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं को सख्त निर्देश दिए हैं।

सत्ता से दूर है कांग्रेस

कांग्रेस मध्य प्रदेश की सत्ता में लंबे समय से दूर है। कमलनाथ के नेतृत्व में दिसंबर 2018 में पार्टी को जीत मिली थी हालांकि सरकार 15 महीने ही चल सकी थी। इन 15 महीनों को छोड़ दिया जाए तो कांग्रेस 2003 से मध्य प्रदेश में सत्ता से बाहर है। लोकसभा चुनावों में भी कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक ही रहा है। 2024 के लोकसभा चुनावों में तो पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी थी। भाजपा ने मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों पर जीत हासिल की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post भारत और रूस की दोस्ती से बिलबिलाया अमेरिका, हथियारों की खरीद पर जता रहा आपत्ति
Next post जिला कार्यक्रम प्रबंधक पर गिरी गाज: फर्जी दस्तावेज से कर रहे थे नौकरी, आयुक्त ने की सेवा समाप्त