राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर कोसानाला के पास रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सर्विस लेन पार करते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा जिम गार्डन के पास हुआ। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन की तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।





पुलिस के अनुसार स्कार्पियो वाहन में सवार युवक नेहरू नगर से सुपेला चौक की ओर जा रहा था। कोसानाला क्षेत्र में चालक ने नियंत्रण खो दिया और एसयूवी जोरदार टक्कर के साथ पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सेक्टर-4, स्ट्रीट-35 निवासी प्रतीक ठाकुर (26) की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में वाहन में सवार सेक्टर-4, स्ट्रीट-29 निवासी भास्कर कुमार, पिता सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नियंत्रण हटने से हुआ हादसा
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुपेला थाना प्रभारी एसएन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना तथा चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की प्रमुख वजह सामने आई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
