बिलासपुर से फिल्मी कहानी जैसी वारदात सामने आई है। कहते हैं अपराधी चाहे कितना शातिर हो, एक गलती पूरा खेल बिगाड़ देती है।





जिले के कोटा क्षेत्र में भी यहीं हुआ लूट के माल के बंटवारे पर गैंग आपस में भिड़ गई। पेट्रोल पंप के पास हुई मारपीट के बाद घायल बदमाश खुद शिकायत लेकर थाने पहुंच गया, और पूछताछ में पूरा गैंग ही खुल गया।
पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक गिरोह के 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरोह में शामिल आरोपियों के बीच लूटे हुए गहने और पैसे के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। जिससे उनकी पोल खुल गई।
पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को पकड़ा है। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार, लूटे गए सोने के जेवरात, एक कार, एक बाइक और 6 मोबाइल फोन सहित लूट का पूरा माल बरामद किया गया है।
बेलगहना स्टेशन पर हुई थी लूटपाट
एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि, 8 जुलाई को बेलगहना रेलवे स्टेशन से 7,430 रुपए का कलेक्शन लेकर जा रहे एक रेलवे कर्मचारी को सलका डैम मोड़ के पास धक्का देकर उसका बैग लूट लिया था।
बुर्का पहनकर दिया दूसरी वारदात को अंजाम
इसके बाद 18 जुलाई को आरोपियों ने बुर्का पहनकर राजकुमारी जायसवाल के घर पर धावा बोला। वहां उन्होंने मारपीट की और हथियार का भय दिखाकर करीब 50 हजार रुपए के सोने के जेवर लूट लिए।
