पुलिस ने सरकारी कार्यालय में पूर्व सरपंच और उसके साले को चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के आरोप में गिरफ्तार किया है. दोनों मिलकर प्रखंड कार्यालय, पंचायत कार्यालय और सरकारी स्कूलों में इलेक्ट्रॉनिक और कीमती सामानों की चोरी करते थे. पलामू पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है और दोनों के पास से 50 लाख रुपये से भी अधिक की चोरी की सामग्री को बरामद किया है.





दरअसल पलामू एसपी कपिल चौधरी को सूचना मिली थी कि नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के नामुदाग में अवधेश कुमार भूइयां नाम के व्यक्ति के घर में चोरी की कई सामग्री रखी हुई है और वह उसे बेचने की कोशिश कर रहा है. इसी सूचना के आलोक में छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी किया. इस छापेमारी में पुलिस ने चोरी के कम्प्यूटर, प्रिंटर, सीपीयू, लैपटॉप, इन्वर्टर, बैटरी, होम थिएटर, लेमिनेशन मशीन सहित बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक सामग्री को बरामद किया है.
अवधेश भईया और उसके साले अमोद ने मिलकर पलामू के छतरपुर प्रखंड कार्यालय, छतरपुर बिजली कार्यालय, पाटन प्रखंड कार्यालय, नौडीहा बाजार प्रखंड, नावाटांड़ पंचायत सचिवालय, नौडीहा बाजार स्थित फोटो कॉपी दुकान एवं नामुदाग हाई स्कूल समेत कई इलाकों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है.
