ऑनलाइन भैंस खरीदने के चक्कर में देवरीकलां गांव निवासी एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठग ने यूट्यूब पर भैंस का वीडियो डालकर उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने को कहा। फरियादी ने दिए गए नंबर पर बात की और वाट्सअप पर भेजी गई भैंस की फोटो पसंद आने के बाद खरीदने की सहमति दे दी।





इसके बाद अलग-अलग किस्तों में उससे कुल 72 हजार 960 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए गए। रकम लेने के बाद न तो भैंस पहुंचाई गई और न ही संबंधित व्यक्ति ने फरियादी से संपर्क किया।
यूट्यूब पर ऑनलाइन भैंस खरीदने का वीडियो देखा था
देवरीकलां निवासी बनमाली रजक पुत्र गेंदालाल रजक ने पुलिस को बताया कि 7 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे उसने यूट्यूब पर ऑनलाइन भैंस खरीदने का वीडियो देखा था। वीडियो में दिए मोबाइल नंबर 8696970128 पर फोन करने पर सामने वाले व्यक्ति ने वाट्सअप पर भैंस की फोटो भेजी।
भैंस पसंद आने पर उसकी कीमत 75 हजार रुपये बताई गई और ऑनलाइन भुगतान करने को कहा गया। फरियादी ने 7 अगस्त को कपिल अहिरवार की ऑनलाइन दुकान से तीन बार में कुल 13 हजार रुपये बताए गए क्यूआर कोड पर जमा किए।
अगले दिन 8 अगस्त को उसी मोबाइल नंबर से दोबारा फोन कर रकम मांगी गई। इसके बाद उसने फिर तीन बार में 43 हजार रुपये ऑनलाइन जमा किए। इसी दिन शाम को गांव के भूरे सिंह के फोन-पे से दो बार में 16 हजार 960 रुपये और जमा कराए गए।
