पुणे में इंद्रायणी नदी पर बना पुल टूटा, 6 की मौत, कई बहे, रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

पुणे: पुणे के मावल तालुका में एक बड़ा हादसा हुआ है। मावल तालुका के तालेगांव दाभाड़े शहर के पास प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुंदमाला में इंद्रायणी नदी पर बना एक पुराना पुल ढह गया। इससे बड़ा हादसा हुआ है। आशंका है कि हादसे में करीब 25 से 30 लोग बह गए हैं। स्थानीय विधायक सुनील शेल्के ने ‘टीवी 9 मराठी’ न्यूज चैनल को जानकारी दी है कि 6 लोगों की मौत हुई है। इसलिए यह साफ है कि यह हादसा काफी बड़ा है। इंद्रायणी नदी में बहे पर्यटकों को बचाने के लिए बचाव दल मौके पर पहुंच गया है। पर्यटकों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त पर्यटकों के साथ छोटे बच्चे भी थे। इस घटना से हड़कंप मच गया है।

इंद्रायणी नदी पर बना पुराना पुल ढहा

दरअसल मावल तालुका में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। इस वजह से नदी का जल स्तर बढ़ गया था। रविवार होने के कारण कई लोग कुंदमाला घूमने आए थे। इसी दौरान इंद्रायणी नदी पर बना पुराना पुल गिर गया। आशंका है कि इस हादसे में 25 से 30 पर्यटक बह गए। स्थानीय विधायक सुनील शेल्के ने एक न्यूज़ चैनल को बताया कि इस हादसे में 6 पर्यटकों की मौत हो गई है।

हादसे पर क्या बोले महाराष्ट्र सीएम?
इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मावल में पुल ढहने की घटना हुई है। मैंने डिविजनल कमिश्नर, तहसीलदार और पुलिस कमिश्नर से बात की है। कुछ लोग घायल हुए हैं। जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। कुछ लोग फंसे भी हैं। एनडीआरएफ की टीम वहां पहुंच रही है। संभव है कि कुछ लोग बह गए हों। हमें अभी तक इस संबंध में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं मिली है। इसलिए अभी इस बारे में बात करना उचित नहीं होगा। पूरी जानकारी मिलने के बाद ही मैं इस बारे में जानकारी दूंगा। अभी प्रशासन लोगों को राहत पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहा है।

कुंडमाला में संडे के चलते थी भारी भीड़
मावल तालुका का कुंदमाला इलाका एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। यहां हमेशा पर्यटकों की भीड़ रहती है। रविवार होने के कारण कुंदमाला में पर्यटकों की काफी भीड़ थी। दोपहर के बाद इंद्रायणी नदी पर बना पुराना पुल अचानक ढह गया। उस समय नदी में पानी का बहाव भी तेज था। इसलिए अनुमान है कि कई लोग नदी में बह गए।

कैसे हुआ हादसा?
विधायक सुनील शेल्के ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना बहुत दुखद है। यह एक फैब्रिकेटेड ब्रिज था। कुछ लोग इस पर टू-व्हीलर लेकर जाने की कोशिश कर रहे थे। उसी समय ओवरलोड होने के कारण बीच का हिस्सा धंस गया। अब तक हमें 6 लोगों के मरने की जानकारी मिली है।

एंबुलेंस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर
बचाव कार्य जारी है। घटना स्थल पर एंबुलेंस और एनडीआरएफ की टीम मौजूद है। सुनील शेल्के ने आगे कहा कि ब्रिज जहां गिरा है, वहां कुछ जगह गहरी हैं तो कुछ जगह पथरीली हैं। इसलिए अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि अंदर कितने लोग फंसे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post राज साथ में…और होठों पर मुस्कान, सोनम और उसके ‘आशिक’ की एक और तस्वीर आई सामने
Next post रायकोट एसडीएम आफिस में विजिलेंस की रेड:24.06 लाख कैश बरामद, अफसर फरार-स्टेनो को हिरासत में लिया, रिश्वत लेने की चर्चा