मुसाफिरों से भरी बस कवर्धा में पलटी, बस में भरे थे खचाखच यात्री, गांव में मची चीख पुकार

कवर्धा: पंडरिया थाना इलाके के किशुनगढ़ में तेज रफ्तार यात्री बस बेकाबू होकर पलट गई. हादसे में 20 से 25 लोग घायल हुए हैं. घायलों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार काफी तेज थी और वो किशुनगढ़ के पास ड्राइवर ने गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो दिया. नतीजतन गाड़ी सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गई. हादसे के वक्त बड़ी संख्या में लोकल मुसाफिर गाड़ी में सवार रहे. कई मुसाफिरों को गंभीर चोटें भी आई हैं.

तेज रफ्तार यात्री बस पलटी: जिस वक्त हादसा हुआ उस वक्त गांव के लोग खेतों पर जाने की तैयारी कर रहे थे. गांव वालों ने फौरन लोगों को बस से निकालने में मदद की और लोगों को अस्पताल भी पहुंचाया. हादसे की खबर मिलते ही मौके पर पंडरिया पुलिस भी एंबुलेंस के साथ पहुंच गई. घायलों को पंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.

हादसे की दर्ज हुई शिकायत: पंडरिया थाना प्रभारी नितिन तिवारी ने बताया कि यात्री बस कोरबा से कवर्धा जा रही थी. किशुनगढ़ के पास बस बेकाबू हो गई और खेत में पलट गई. घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. मेडिकल के बाद सभी लोगों के बयान लिए जाएंगे. हादसा कैसे हुआ इसका भी पता लगाया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post ढाका की सड़कों पर टैंक… बांग्लादेश में सियासी हलचल के बीच सेना का ‘एक्शन’, अंधाधुंध गिरफ्तारियां
Next post माओवादियों के 42 नंबर प्लाटून का कमांडर था पप्पू लोहरा! माओवादी देना चाहते थे मौत की सजा