छत्तीसगढ़ में साय मंत्रिमंडल का विस्तार के संकेत, 10 अप्रैल तक बनाए जा सकते हैं नए मंत्री

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार 10 अप्रैल तक होने के संकेत हैं। आठ अप्रैल यानी आज छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन का रायपुर में दौरा है। इसके साथ ही भाजपा के संगठन मंत्री शिवप्रकाश भी आ रहे हैं। ये दोनों नेता रायपुर में नौ अप्रैल को संगठन की बैठक करेंगे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, बिलासपुर संभाग से भाजपा विधायक अमर अग्रवाल और दुर्ग संभाग से विधायक गजेंद्र यादव का मंत्री बनना लगभग तय है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हालिया दौरे के बाद इन दोनों नामों पर सहमति बनी है।

बताया जाता है कि संगठन और सरकार के बीच अभी एक बार फिर चर्चा होगी। इसके बाद नए मंत्रियों के नामों का ऐलान कर दिया जाएगा। अमर अग्रवाल पूर्व में वित्त, स्वास्थ्य और नगरीय प्रशासन मंत्री रह चुके हैं। वहीं गजेंद्र यादव राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पूर्व प्रांत संघचालक बिसराराम यादव के पुत्र हैं।

यादव समाज को साधने की रणनीति

भाजपा इस नियुक्ति से यादव समाज को साधने की रणनीति बना रही है, ताकि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में यादव वोटरों को साधा जा सके। प्रदेश की 90 सीट वाली विधानसभा में मुख्यमंत्री समेत 13 मंत्री बनाए जाने के प्रविधान हैं।

इंटरनेट मीडिया में ये भी अटकलें लगाई जा रही है कि अगर यहां हरियाणा की तर्ज पर 14 मंत्री बनाए जाते हैं, तो रायपुर संभाग से रायपुर- उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा, कुरूद विधायक अजय चंद्राकर और रायपुर-पश्चिम के विधायक राजेश मूणत में से किसी एक को मंत्री बनाया जा सकता है।

इनकी भी होगी ताजपोशी

पार्टी सूत्रों के अनुसार, निगम-मंडलों में नियुक्ति की बाद विधानसभा उपाध्यक्ष के साथ-साथ एक दर्जन से ज्यादा संसदीय सचिवों की ताजपोशी भी होगी। इंटरनेट मीडिया में एक मैसेज भी प्रसारित हो रहा है। इसमें अंतागढ़ से विधायक विक्रम उसेंडी को विधानसभा उपाध्यक्ष बनाने की चर्चा है।

इसके अलावा 16 संसदीय सचिव के नियुक्त करने की भी चर्चा है। संसदीय सचिव को लेकर जिन नेताओं का नाम है। उनमें रायमुनि भगत, चैतराम अटामी, धर्मजीत सिंह, योगेश्वर राजू सिन्हा, भावना बोहरा, गोमती साय, मोतीलाल सिन्हा, डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, दीपेश साहू, प्रबोध मिंज, सुशांत शुक्ला, रोहित साहू, रिकेश सेन, नीलकंठ टेकाम, संपत अग्रवाल या राजेश अग्रवाल और रायमुनि भगत के नाम शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post खरीदी के बहाने बिलासपुर में महिलाएं कर रही थीं जेवर चोरी, 23 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी जब्त
Next post 30 मार्च से 5 अप्रैल 2025 JAGAT BHUMI