



कोरबा शहर से लगभग 40 किलोमीटर दूर हरे-भरे वादियों में खूबसूरती को समेटे हुए सतरेंगा पर्यटन स्थल छत्तीसगढ़ में अपनी एक अलग पहचान बना चुका है. बांगो डूबान का यह इलाका अब पानी का एक विह्ंगम दृश्य के रूप में सभी को अपनी ओर आकर्षित करता है. यहां आने वाले पर्यटक ना केवल समुद्र जैसे नजारे को देख आनंदमय होते हैं, बल्कि ऊंची चोटी वाले पर्वत भी उन्हें लुभाता है.


शहर से रूमगरा, चुईया, अजगर बहार के रास्ते सतरेंगा पहुंचा जा सकता है. सतरेंगा बांगो डूबान के क्षेत्र में आता है. यहां पानी के किनारे पर्यटक आसानी से घूम-फिर सकते हैं और दूर तक नजर आती पानी के नजारों को देख सकते हैं. आस-पास में हरे-भरे पेड़ पौधे है, जहां पर चहलकदमी की जा सकती है. एक छोटा सा उद्यान भी यहां है, जो छोटे बच्चों के लिए हैं. कुछ साल पहले तक सतरेंगा तक जाने के लिए पक्की सड़क भी नही थीं.

सतरेंगा तक पक्की सड़क के बन जाने के बाद तेजी से पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है. यहा पर्यटन विभाग द्वारा कॉटेज भी बनाएं गए हैं, जहां ठहरने और रात रूक कर सुबह तथा शाम के नजारों को भी निहार सकता है. पर्यटक पर्यटन के वेबसाइट में जाकर यहां उपलब्ध कक्ष की बुकिंग कर सकते हैं.

सतरेंगा में पहुंचे पर्यटक योगेंद्र कुमार जायसवाल सहित अन्य का कहना है कि ऐसा सुंदर दृश्य छत्तीसगढ़ में दिखाई नहीं देता. ऐसा लगता है कि यह कोई समुद्र ही है. आस-पास हरियाली है के साथ पर्वत भी है और यहां नाव भी चलती है. ग्रामीण अपनी नाव से बहुत कम किराये में कुछ दूर तक पानी में सफर कराते हैं. बच्चों के लिए भी यह समुद्र से कम नहीं है. यहां आस-पास दुकानें और गांव की महिलाओं द्वारा संचालित होटल है. जहां खाना खा सकते हैं.
