




हरियाणा चुनाव में सभी एग्जिट पोल के अनुमानों को गलत साबित करते हुए बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है. बीजेपी ने यहां 48 सीटें जीत ली है. इस चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. सरकार बनाने के ख्वाब देख रही कांग्रेस महज 37 सीटों पर सिमटकर रह गई है. इस चुनाव नतीजे के बाद सत्ताधारी बीजेपी विपक्षी कांग्रेस लगातार हमलावर है और राहुल गांधी को कांग्रेस की हार का जिम्मेदार बता रही है. यहां गौर करने वाली बात यह भी है कि राहुल गांधी ने हरियाणा की जिन 12 सीटों पर रैली की थी, उनमें से 7 पर कांग्रेस को हार मिली है.
हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के चुनाव नतीजों को लेकर सुबह से ही गहमागहमी जारी है. कांग्रेस मुख्यालय पर सुबह से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ता की भीड़ लगी है. हालांकि इस बीच सबकी नजरें राहुल गांधी को ढूंढती नजर आई, लेकिन वह कहीं नजर नहीं आए. ऐसे में सवाल उठने लगा कि वरिष्ठ कांग्रेस सांसद कहां है? सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ विदेश गए हैं. हालांकि उनके जाने की वजह और कब तक लौटेंगे यह उन्होंने साफ नहीं किया है.
हरियाणा चुनाव के रुझानों से खुश बीजेपी राहुल गांधी पर हमलावर है. बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल का नाम लिए बिना उनपर तंज कसते हुए कहा, ‘यह उस रॉकेट को करारा जवाब है जो लॉन्च नहीं होता है, लेकिन कहता है कि भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया है… हरियाणा ने दिखा दिया है कि जलेबी फैक्ट्री में नहीं बनती है, मेहनती हलवाई की दुकान में बनती है.’