पद्मश्री मिला तो पुराने दिनों को याद कर छलक गए उषा के आंसू

भिलाई: उषा बारले ने पद्मश्री पुरस्कार पाकर पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। उषा ने इस मुकाम को हासिल करने के लिए बहुत से उतार चढ़ाव देखे हैं। उनके पिता को उनका गाना बजाना पसंद नहीं था। पिता ने उन्हें गुस्से में कुएं में फेंक दिया था, लेकिन वो अपनी जिद पर अड़ी रही। उषा के फूफा ने उनकी कला को समझा और वो उनके सानिध्य में 7 साल की उम्र से पंडवानी गाती रहीं। उनके जीवन की सबसे कठिन घड़ी वो थी, जब उन्होंने पूरी रात अपने पिता के शव के सामने बैठकर पंडवानी गाई।

उषा बारले आज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपने बचपन से लेकर पद्मश्री पाने तक का सफर भास्कर के साथ शेयर की। उन्होंने बताया कि बचपन में वो स्कूल नहीं जाती थी। मोहल्ले के बच्चों के साथ खेल-खेल में लकड़ी को चिकारा समझकर बजाती थीं और फिर पंडवानी गाती थी। उनके गीत को उनके फूफा और गुरु महेत्तर दास बघेल ने देखा तो उन्होंने कहा कि ये लड़की कुछ करेगी।

इसके बाद उन्होंने मोहल्ले के कई लड़के लड़कियों के साथ उन्हें पंडवानी सिखाना शुरू किया। इन बच्चों में उषा बारले के पति अमरदास बारले भी शामिल थे। गुरु के सानिध्य में उन्होंने पंडवानी गाना शुरू किया और उसके बाद आज वो 12 से अधिक देशों में पंडवानी की प्रस्तुति दे चुकी हैं।

पद्मश्री मिलने की खबर से परिजन खुशी से रो पड़े
उषा ने बताया कि 25 जनवरी को जब उनका नाम पद्मश्री पुरस्कार के लिए लिया गया तो उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था कि इतनी बड़ी उपलब्धि उन्हें मिल रही है। उन्होंने बताया कि जैसे ही ये खबर मिली पति, बेटा-बेटी सभी के आंसू छलक गए और एक दूसरे को गले लगा लिया। सबने एक दूसरे को बधाई दी। उषा कहती हैं कि वो भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद देती हैं, जो उन्होंने उनकी कला को ये सम्मान दिया।

उषा बारले को 45 साल पंडवानी गाने के बाद पद्मश्री पुरस्कार मिला। पद्मश्री के साथ ही पंडवानी के लिए उन्हें छत्तीसगढ़ सरकार की तरफ से गुरु घासीदास सामाजिक चेतना पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके साथ ही उन्हें भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन ने दाऊ महासिंह चंद्राकर सम्मान से सम्मानित किया है। गिरोधपुरी तपोभूमि में भी वे छह बार स्वर्ण पदक से सम्मानित की जा चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post सांसद विजय बघेल को मिल सकती केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह
Next post राजपथ अब कर्तव्यपथ, गुलामी के निशान से मुक्ति दिलाने की कोशिश में सरकार” राष्ट्रपति के अभिभाषण