उपचुनाव के लिए सावित्री मंडावी बनी उम्‍मीदवार

रायपुर:   भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने दिवंगत विधायक मनोज मंडावी की पत्‍नी सावित्री मंडावी को अपना उम्मीदवार बनाया है। भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट से प्रत्‍याशी बनाए जाने पर सावित्री मंडावी ने पार्टी आलाकमान को धन्‍यवाद दिया है। मनोज मंडावी की आकस्मिक निधन के बाद भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट की सीट खाली हुई है। इधर, विपक्षी भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व विधायक ब्रम्‍हानंद नेताम को प्रत्‍याशी घोषित किया है।

दिवंगत विधायक मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी ने सोमवार को नामांकन पत्र खरीद लिया है। कांग्रेस ने केंद्रीय चुनाव समिति को तीन नाम का पैनल भेजा था। इसमें सावित्री मंडावी, बीरेश ठाकुर और हेमंत ध्रुव का नाम शामिल था। माना जा रहा था कि केंद्रीय संगठन सावित्री के नाम पर मुहर लगा सकता है। कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन 17 नवंबर को होगा, जिसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

भापुप्रतापपुर उपचुनाव में भाजपा ने ब्रम्हानंद नेताम को प्रत्याशी बनाया है। ब्रम्हानंद वर्ष 2008 में भानुप्रतापपुर से विधायक चुने गए थे, लेकिन अगले दो चुनाव में पार्टी ने उनको टिकट नहीं दिया। 2008 में ब्रम्हानंद ने निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे मनोज मंडावी को हराया था।

उस चुनाव में गंगा पोटाई कांग्रेस की प्रत्याशी थीं और तीसरे स्थान पर रहीं। 12वीं तक पढ़े ब्रम्हानंद नेताम की आदिवासी समाज में अच्छी पकड़ है। वह 2004 में ग्राम कसावही से सरपंच चुने गए। वर्तमान में नेताम भाजपा अजजा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post एक साथ दो डिग्री कोर्स कर सकेंगे छात्र
Next post भारत को G-20 समिट की अध्यक्षता सौंपी