तालिबान ने पाकिस्तान सेना को दिया बड़ा झटका

इस्लामाबाद  पाकिस्तानी सेना अफगानिस्तान के साथ मिलने वाली अपनी सीमा पर बाड़ लगा रही है। बीते दिनों कुछ तालिबान लड़ाकों ने पाकिस्तान सेना के इस काम में बाधा डाली और उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। बुधवार को अफगान अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है। पाकिस्तान ने काबुल के विरोध के बाद भी 2600 किमी की सीमा के ज्यादातर हिस्से पर तार लगा दिए हैं। पाकिस्तान के लिए अफगानिस्तान से आने वाले शरणार्थी और घुसपैठिए एक बड़ी समस्या हैं।

पाकिस्तानी अखबार ‘डॉन’ की खबर के मुताबिक अफगान रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इनायतुल्ला ख्वारज़मी ने कहा कि तालिबान बलों ने पाकिस्तानी सेना को रविवार को पूर्वी प्रांत नंगरहार में एक ‘अवैध’ सीमा बाड़ लगाने से रोक दिया। हालांकि उन्होंने इस घटना को तवज्जो नहीं दिया और कहा कि अब सब कुछ सामान्य है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए कुछ वीडियो में तालिबान लड़ाकों को कंटीले तारों को ले जाते हुए देखा जा सकता है।


तालिबान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सुरक्षा चौकियों पर तैनात पाकिस्तान सैनिकों से कहा कि वे फिर से सीमा पर बाड़ लगाने की कोशिश न करें। हालांकि इन वीडियो की किसी ने पुष्टि नहीं की है। तालिबान के प्रवक्ता बिलाल करीमी ने कहा कि वे घटना की जांच कर रहे हैं। तालिबान और पाकिस्तानी सेना सीमा पर अब आमने-सामने आ गई है। तालिबान के दो अधिकारियों के मुताबिक स्थिति ‘तनावपूर्ण’ बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि घटना के बाद बुधवार को पाकिस्तानी क्षेत्र से सीमा पार से मोर्टार दागे गए, जो सीमा से लगे अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में गिरे। पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा कि अफगान सैन्य हेलीकॉप्टरों को इलाके में गश्त करते देखा जा सकता है। 15 अगस्त 2021 से पहले अमेरिका समर्थित अफगान सरकारों और पाकिस्तान के बीच सीमा पर बाड़ तनाव का एक मुख्य कारण था। तालिबान और पाकिस्तान के बीच ‘मजबूत संबंध’ हैं लेकिन मौजूदा स्थिति से तनाव पैदा हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post नगर पंचायत कोंटा, भोपालपटनम, भैरमगढ़ में कांग्रेस का कब्जा
Next post जामुल नगर पालिका में BJP का कब्जा