पांच दिन शीतलहर से राहत, पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना, आज भी कई ट्रेनें लेट

देश:  उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को शीतलहर की स्थिति में कमी आई और अगले पांच दिनों के दौरान अधिक ठंड की संभावना नहीं है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दक्षिण हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्से बृहस्पतिवार को भी शीतलहर की चपेट में रहे। उधर, रेलवे ने बताया की कोहरे के कारण आज भी उत्तरी रेलवे की 16 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

उधर, मध्य प्रदेश, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।

सुबह के समय हल्के कोहरे की संभावना है। आईएमडी ने कहा, एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 20 जनवरी की रात से 26 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और 23 जनवरी से 25 जनवरी तक उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित करने की संभावना है।

20 से 22 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

पर्यटन नगरी मनाली में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। रोहतांग दर्रा, बारालाचा, शिंकुला दर्रा और कुंजम दर्रा में बृहस्पतिवार को 10 सेमी तक बर्फबारी की सूचना है। अटल टनल रोहतांग में भी करीब इतनी ही बर्फबारी हुई है। बिगड़े मौसम के कारण मनाली-लेह मार्ग पर आम वाहनों की आवाजाही पर लाहौल प्रशासन ने रोक लगा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post खेल मंत्रालय ने कहा, WFI अध्यक्ष पद से इस्तीफा दें बृजभूषण शरण सिंह
Next post BJP प्रदेश अध्यक्ष साव के काफिले की गाड़ी पलटी