



बांका. सड़क पर एक दिव्यांग युवक अपनी स्कूटी लेकर जा रहा था, उसने नकली पैर लगाए हुए थे. लेकिन पुलिस को उसके नकली पैर पर शक हुआ तो पुलिस ने उसका पैर खुलवा कर देखा. इसके बाद उसके पैरों से ऐसी चीज निकली जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. यह नजारा देखकर पुलिसवालों की भी आंखें फटी की फटी रह गई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.


मामला बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र से सामने आया है. जहां एक युवक अपने नकली पैरों से शराब की तस्करी कर रहा था. उसने प्लास्टिक का आर्टिफिशियल पैर लगाया हुआ था, जिसमें उसने शराब की बोतलें छुपा कर रखी हुईं थी. जब पुलिस ने उसे पकड़ा और उसका पैर खुलवाया, तब उसके नकली पैरों से एक-एक कर शराब की कई बोतले बाहर निकली.
पुलिस को देखकर भाग रहा था दिव्यांग
बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र के झारखंड सीमा से सटे हंसडीहा-भागलपुर मुख्य मार्ग पर गुरिया मोड़ के समीप पुलिस वाहन जांच अभियान चला रही थी. इस दौरान जब स्कूटी सवार दिव्यांग वहां पहुंचा, तब वह पुलिस को देखकर घबरा गया और वहां से भागने का प्रयास करने लगा.
दिव्यांग युवक को भागता देखकर पुलिस को शक हुआ, तब पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. युवक को थाना लाकर जब उसकी जांच की गई तो पाया चला कि उसका एक पैर पूरी तरीके से नकली है तथा वह दिव्यांग है. लेकिन जब उसका आर्टिफिशियल पैर खुलवाया गया, तब उसके पैरों से विदेशी शराब की बोतल बाहर आने लगी. जिसके बाद पुलिस भी यह देखकर हैरान रह गई.
नकली पैरों के जरिए करता था शराब की तस्करी
युवक का नाम महेश कुमार लाल है तथा वह भागलपुर जिले के इशाकचक का रहने वाला है. पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने नकली पैरों के जरिए लंबे समय से विदेशी शराब की तस्करी कर रहा था. वह झारखंड से शराब लेकर भागलपुर जाता था और वहां शराब की तस्करी किया करता था.
इस दौरान जब उसके स्कूटी की जांच की गई तो स्कूटी के नीचे बने तहखाना से भी शराब की कई बोतले मिली है. पुलिस ने इस दौरान दिव्यांग युवक के पास से 15 शराब की बोतलें बरामद की है. फिलहाल पुलिस ने दिव्यांग युवक को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके खिलाफ उत्पादन अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है.