



उत्तर प्रदेश के शामली में एक हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी। एसपी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि तीन दिन पूर्व ही पति शाहनवाज ने पत्नी को प्रेमी से फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया था। यही नहीं, उसकी पिटाई भी कर दी थी। मामले की जानकारी मैफरीन ने अपने प्रेमी को दी थी। प्रेमी ने उसी समय शाहनवाज की हत्या की प्लानिंग अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर तैयार कर ली थी। मैफरीन से कहा गया था कि वह पति की लोकेशन देती रहेगी। उन्हें बस पति का काम तमाम करना है।

हत्या से पहले पत्नी और उसके प्रेमी ने की पूरी प्लानिंग
सोनीपत के झाराखेड़ी के फर्नीचर कारीगर शाहनवाज की हत्या उसकी पत्नी मैफरीन और उसके प्रेमी तसव्वुर ने पूरी प्लानिंग से की। कोड वर्ड प्लान से हत्याकांड को अंजाम दिया गया। बृहस्पतिवार को सुबह घर से निकलते ही पत्नी ने प्रेमी को फोन कॉल कर पति की लोकेशन के बारे में जानकारी देनी शुरू कर दी थी। लोकेशन देने के लिए दोनों ने पहले ही कोड वर्ड तैयार किए थे। पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए दोनों आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।