



यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बरेली आएंगे। सीएम की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने कड़े प्रबंध किए हैं। इसमें एटीएस के एंटी ड्रोन टीमें समेत 12 एडिशनल एसपी तैनात किए गए हैं। कार्यक्रम को सकुशल संपन्न के लिए ड्यूटी में लगे पुलिस अफसर व कर्मचारियों को ब्रीफिंग की गई। पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित ब्रीफिंग में एडीजी रमित शर्मा, आईजी डॉ. राकेश सिंह, डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस बल को ब्रीफिंग की। सुरक्षा के मद्देनजर सभी पुलिस बल को अलर्ट रहने के साथ ही उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए, विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई।


संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए। यातायात प्रबंधन को व्यवस्थित रखने तथा वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) को तैयार रहने के निर्देश दिए। इस दौरान जिले के सभी एडिशनल एसपी, सीओ एवं दूसरे जनपदों से ड्यूटी में पुलिस अफसर व कर्मचारी मौजूद रहे। सभी को हिदायत दी गई कि कोई भी व्यक्ति काले कपड़े पहनकर अंदर प्रवेश न कर पाए।
क्षेत्र का बंटवारा कर लगाई एटीएस की टीमें
मुख्यमंत्री की सुरक्षा में 15 टीमें सादा कपड़ों में तैनात की गई हैं। कार्यक्रम स्थल के आसपास छतों पर ड्यूटी लगाई गई है, इस दौरान किसी को छत पर चढ़ने की इजाजत नहीं मिलेगी। एटीएस कमांडो की सात टीमें लगाई हैं, जिनमें से दो एंटी ड्रोन तकनीक से लैस हैं। कार्यक्रम क्षेत्र को नौ सुपर जोन, 20 जोन और 50 सेक्टर में बांटा गया है। इसके अलावा सुरक्षा व कार्यक्रम व्यवस्था में 12 एडिशनल एसपी, 30 सीओ, 50 इंस्पेक्टर, 400 सब इंस्पेक्टर, 1500 कांस्टेबल, 350 महिला कांस्टेबल, पांच कंपनी पीएसी और छह क्यूआरटी लगाई हैं। ट्रैफिक पुलिस ने सात इंस्पेक्टर, 50 टीएसआई और सौ हेड कांस्टेबल लगाए हैं।
कार्यक्रम स्थल की ओर ई रिक्शा और ऑटो प्रतिबंधित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर भारी वाहनों का सोमवार को शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। उनके कार्यक्रम स्थल के आसपास ऑटो और ई रिक्शा भी नहीं जाने दिए जाएंगे। यह व्यवस्था सोमवार सुबह छह बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक जारी रहेगी। एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने बताया कि परसाखेड़ा रोड नम्बर एक, बड़ा बाईपास पर बिलवा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झादा से भी भारी वाहन शहर में नहीं आने दिया जाएगा।
लखनऊ रोड पर इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी, ट्रांसपोर्टनगर और बदायूं की ओर से रामगंगा तिराहा, बुखारा मोड़ से कोई भी भारी वाहन शहर की तरफ प्रवेश नहीं करेगा। इसके अलावा श्यामगंज चौराहा, ईंट पजाया, बियावान कोठी, बिजलीघर तिराहा, अक्षर बिहार तिराहा, सर्किट हाउस चौराहा, चौकी चौराहा, कचहरी तिराहा, चौपला चौराहा, सिटी सब्जी मण्डी, पटेल चौक, कोहाड़ापीर, कोतवाली गेट, नावल्टी, सिकलापुर चौराहा से कोई भी ऑटो/ई-रिक्शा/मैक्स, ठेला इत्यादि कार्यक्रम स्थल बरेली कालेज की तरफ नहीं जाएगा। सभी वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करगें।
ऐसे लागू होगा डायवर्जन
- दिल्ली व रामपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहन व रोडवेज बसें जिनको बदायूं की तरफ जाना है, झुमका तिराहे से बड़ा बाईपास, नवदिया झादा से फरीदपुर से फतेहगंज पूर्वी से दातागंज, देवचरा, भमोरा होते हुए जा सकेंगे। नैनीताल की तरफ से बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहन व रोडवेज बस भी इसी मार्ग से जा सकेगें।
- पीलीभीत की तरफ से बदायूं जाने वाले भारी वाहन पीलीभीत में जहानाबाद कट से सितारगंज, किच्छा, बहेड़ी, बिलवा पुल से बड़ा बाईपास, फरीदपुर होकर दातागंज रोड से आ-जा सकेंगे। पीलीभीत से बरेली आने वाले वाहन वाया जहानाबाद, सितारगंज, किच्छा, बहेड़ी, बिलवा पुल नैनीताल रोड से आ-जा सकेंगे।
- दिल्ली व रामपुर की तरफ से आकर लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन व रोडवेज बसें बड़ा बाईपास से झुमका, बिलवा, विलयधाम, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी होकर जा सकेगें। लखनऊ से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर, इन्वर्टिस तिराहा होते हुए बड़ा बाईपास से जा सकेंगे।
- बदायूं की तरफ से बरेली आने वाले भारी वाहन भमोरा से देवचरा चौराहा से दातागंज, फतेहगंज पूर्वी से इन्वर्टिस यूनिर्वसिटी से ट्रांसपोर्ट नगर तक आ सकेंगे। दिल्ली जाने वाले वाहन बड़ा बाईपास से जाएंगे।
- बदायूं व लखनऊ की तरफ से आने वाली रोडवेज बसें इन्वर्टिस से सेटेलाइट बस स्टैंड तक आ सकेंगी।