महाकुंभ: मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपए का मुआवजा, CM योगी ने किया ऐलान

प्रयागराज महाकुंभ में हुई भगदड़ को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये बहुत ही दुखद है और ये एक सबक भी है. इस दौरान सीएम योगी भावुक भी हो गए. उन्होंने इस हादसे में जान गवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों को 25 लाख रुपए की मदद दिए जाने का ऐलान किया है. वहीं हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए सीएम योगी ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं.

महाकुंभ के दौरान हुई भगदड़ में 30 लोगों की मौत हो गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और घटना की जांच के आदेश दिए. उन्होंने इस हादसे की जिम्मेदारी लेने और मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की बात कही है.

सीएम योगी ने कहा कि भारी भीड़ के कारण प्रयागराज में सभी रास्ते बंद थे. प्रशासन ने स्थिति को सामान्य करने और रास्तों को खुलवाने के लिए पूरी तत्पर्ता से लगा रहा. उन्होंने कहा कि अखाड़ों ने मेला प्राधिकरण के अनुरोध पर अपना स्नान स्थगित किया था. स्नान दोपहर में शुरु हुआ जिसमें सभी ने अमृत स्नान किया. सीएम योगी ने कहा कि अखाड़ा मार्ग पर हुआ हादसा बेहद दुखद है.

भारी भीड़ की वजह से हुआ हादसा

सीएम योगी ने कहा कि ये हादसा भारी भीड़ की वजह से हुआ. उन्होंने कहा कि आज करीब 8 करोड़ श्रद्धालुओं ने अमृत स्नान किया है. प्रयागराज के आसपास के जिलों में श्रद्धालुओं को रोका गया था. सभी अखाड़ों का स्नान होने के बाद लोगों को महाकुंभ आने की इजाजत दी गई है.

जांच के लिए न्यायिक आयोग का गठन

उन्होंने कहा कि स्वाभाविक है कि इन सब पर सवाल उठेगा. कुंभ भगदड़ की जांच के लिए तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग की घोषणा की गई. सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति हर्ष कुमार इस आयोग की अध्यक्षता करेंगे और पूर्व डीजीपी वीके गुप्ता तथा सेवानिवृत्त आईएएस डीके सिंह को इस न्यायिक आयोग का सदस्य बनाया गया है.

पीड़ित परिवारों को 25-25 लाख की मदद

इस भगदड़ की पुलिस जांच अलग से की जाएगी. प्रत्येक पीड़ित परिवार को 25-25 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. यूपी के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और डीजीपी प्रशांत कुमार कल घटनास्थल पर जाएंगे और आगे की व्यवस्थाओं के लिए वहां समीक्षा बैठक भी करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post महाकुंभ में 30 लोगों की भगदड़ में गई जान, 25 लोगों की पहचान, मेला क्षेत्र के DIG ने दी जानकारी
Next post नाबालिग से करता था अश्लील वीडियो की डिमांड, पुलिस तक पहुंची शिकायत, अब आरोपी गिरफ्तार