कई जिलों के अफसरों पर हो सकती है कार्रवाई, डीजीपी द्वारा गठित कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट

लखनऊ : दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान जिन जिलों में अधिकारियों की लापरवाही की वजह से सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की घटनाएं हुई हैं, उन पर जल्द कार्रवाई की जा सकती है। डीजीपी प्रशांत कुमार ने बहराइच समेत आधा दर्जन से अधिक जिलों में हुई घटनाओं को लेकर संबंधित एडीजी जोन से बुधवार रात तक रिपोर्ट देने को कहा था। सूत्रों के मुताबिक तीनों एडीजी जोन ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है।

उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो बहराइच में सीओ महसी रूपेंद्र कुमार गौड को निलंबित करने के बाद कुछ अन्य अफसर भी जांच के दायरे में हैं। इसी तरह कौशांबी, देवरिया, कुशीनगर, गोंडा, बलरामपुर आदि में हुई घटनाओं की रिपोर्ट का गहनता से अध्ययन कर लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को चिन्हित किया जा रहा है।

बता दें कि बहराइच में सांप्रदायिक हिंसा भड़कने के बाद एडीजी जोन गोरखपुर केएस प्रताप कुमार और आईजी रेंज देवीपाटन अमरेंद्र प्रताप सिंह को भेजा गया था, इसके बावजूद हालात काबू में नहीं आने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश को बहराइच भेजा, जिसके बाद उपद्रवियों पर काबू पाया जा सका।अधिकतर घटनाएं गोरखपुर जोन में हुई हैं, जिसकी वजह से कई अधिकारी जांच के दायरे में आ चुके हैं।

इसी तरह कौशांबी में पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव को मौके पर जाकर मोर्चा संभालना पड़ा था। दूसरे दिन एडीजी जोन प्रयागराज भानु भास्कर भी मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण किये। अचानक कई जिलों में हुए बवाल के बाद डीजीपी ने सभी जिलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। साथ ही, सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने को भी कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post विधायक के बाद अब एसडीएम हो गए थप्पड़ कांड के शिकार
Next post 90 हजार की मोपेड लेने की खुशी में खर्च किए 60 हजार, बग्गी, डीजे और क्रेन लेकर पहुंचा चायवाला