सक्रिय हो रहा कोरोना,24 घंटे में 91 नए मरीज मिले, एक्टिव केस 1021 हुए

 स्वास्थ्य मंत्री ने संक्रमण को दी मात.

रायपुर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने एक बार फिर कोरोना संक्रमण को मात दी है। उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। उसके बाद सिंहदेव अंबिकापुर चले गए हैं। इस बीच प्रदेश भर में 91 नए लोगों में कोरोना संक्रमण का पता चला है। इसी के साथ प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या एक हजार 21 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बताया, उनका स्वास्थ्य अब ठीक है। उन्होंने दोबारा कोरोना की जांच कराई थी। उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। स्वास्थ्य मंत्री 25 जून को कोरोना संक्रमित पाए गए थे।

उन्होंने दिल्ली से लौटकर जांच कराई थी। संक्रमण की पुष्टि के बाद से ही सिंहदेव रायपुर स्थित बंगले में आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे थे। सिंहदेव अब से पहले भी तीन बार कोरोना को मात दे चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश भर में 91 नए मरीजों के मिलने की पुष्टि की है। इसमें सबसे अधिक 26 मामले रायपुर में मिले हैं। बिलासपुर में 12 और दुर्ग में 9 मरीज मिले हैं। बताया गया कि रविवार को केवल 4412 संदिग्ध नमूनों की जांच की गई। यह सामान्य दिनों की अपेक्षा आधे से भी कम है। इस मान से रविवार को कोरोना संक्रमण दर 2.06% तक पहुंच गई। शनिवार को संक्रमण दर 1.39% ही थी। उस दिन 11 585 नमूनों की जांच के बाद 161 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी।

रविवार को प्रदेश भर में 110 लोगों को इलाज के बाद छुट्‌टी दी गई। इसमें से दो लोगों को अस्पताल से छुट्‌टी मिली है। प्रदेश में 1021 मरीजों का इलाज अब भी जारी है। शनिवार को यह संख्या 1040 थी। रायपुर में शनिवार को 266 सक्रिय मरीज थे। रविवार को इसमें 16 की कमी हुई। अब यहां 250 कोरोना मरीज हैं। यह प्रदेश में सबसे अधिक है। दुर्ग में 177, बिलासपुर में 96 और बलौदाबाजार में 83 सक्रिय मरीज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post महिला से दुष्कर्म के बाद मौत
Next post छत्तीसगढ़ यूपी पुलिस,पत्रकार रोहित रंजन को लेकर आपस में भिड़ी