



भुवनेश्वर: ओडिशा के पुरी में स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में चश्मे में लगे स्पाई कैमरे से रिकॉर्डिंग करते हुए एक युवक को पकड़ा गया है। चश्मे में कैमरा लगाकर युवक फोटो और वीडियो मोबाइल पर भेज रहा था। चश्मे में लगे कैमरे के एआई पॉवरर्ड होने की बात कही जा रही है। यह घटन सामने आने के बाद 12वीं शताब्दी के जगन्नाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई है। पुरी पुलिस की विशेष टीम युवक को अरेस्ट करके पूछताछ कर रही है। मंदिर परिसर में मोबाइल फोन और कैमरों का प्रवेश सख्त वर्जित है।


कहां का रहे वाला है शख्स?
सूत्रों के अनुसार बेहराना द्वार के पास तैनात सुरक्षाकर्मियों को उस समय शक हुआ जब कैमरे की रोशनी चमकी और करीब से जाँच करने पर पता चला कि वह कैमरा लगे चश्मे के साथ मंदिर में दाखिल हुआ था, जो कथित तौर पर सीधे उसके मोबाइल फोन पर फुटेज भेज रहा था। उसने खुद को सेवायत बताया था। उसे तुरंत पूछताछ के लिए सिंहद्वार पुलिस को सौंप दिया गया। युवक की पहचान अभिषित कर के तौर पर हुई है। वह गजपति नगर का रहने वाला है। पुलिस जांच कर रही कि युवक ने कैमरे वाले चश्मे को पहना। उसका ऐसा करने का उद्देश्य क्या था?
पुरी में तस्वीरें लेने की दूसरी घटना
इस साल मंदिर में इस तरह की यह दूसरी घटना है। मार्च में पश्चिम बंगाल के एक 26 वर्षीय पर्यटक को पुरी के जगन्नाथ मंदिर में जासूसी कैमरे से देवताओं की तस्वीरें लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।