



रेलवे ने टिकट चार्ट तैयार करने के समय में बड़ा बदलाव किया है। अब चार्ट ट्रेन प्रस्थान से 9-18 घंटे पहले बनेगा, जिससे यात्रियों को टिकट कन्फर्मेशन की जानकारी समय पर मिलेगी।

यात्रियों को अधिक पारदर्शिता और सुविधा देने के उद्देश्य से रेलवे ने टिकट चार्ट तैयार करने के समय में बड़ा बदलाव किया है। अब तक ट्रेन प्रस्थान से करीब चार घंटे पहले चार्ट बनता था, लेकिन इसे बढ़ाकर 9 से 18 घंटे पहले कर दिया गया है।
इस बदलाव से खासकर दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को समय रहते यह जानकारी मिल सकेगी कि उनकी टिकट कन्फर्म हुई है या नहीं, जिससे यात्रा की योजना बनाना आसान हो गया है। इस कदम से न केवल यात्रियों को स्पष्टता मिल रही है, बल्कि अवैध टिकट एजेंटों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही रिफंड नियमों में भी सुधार किया गया है, जिसमें यात्रियों को कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। इससे यात्रियों को आर्थिक रूप से भी राहत मिलेगी। नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को और भी सुविधाएं दी गई हैं।
अब यात्री ट्रेन के प्रस्थान से आधे घंटे पहले तक अपना बोर्डिंग स्टेशन बदल सकेंगे। इसके अलावा, यदि सीट उपलब्ध होती है तो वे अपनी यात्रा श्रेणी को भी ट्रेन छूटने से आधे घंटे पहले तक अपग्रेड कर सकेंगे।
वाणिज्य निरीक्षक प्रभारी डीडी शुक्ल का कहना है कि अब तक ट्रेन प्रस्थान से करीब चार घंटे पहले चार्ट बनता था, लेकिन इसे बढ़ाकर 9 से 18 घंटे पहले कर दिया गया है।
