“ग्रेजुएशन डे” उत्साह और उमंग के साथ संपन्न

“ग्रेजुएशन डे” उत्साह और उमंग के साथ संपन्न

शकुंतला ग्रुप ऑफ स्कूल्स द्वारा दिनांक 18 मार्च 2026 को शकुंतला विद्यालय के ऑडिटोरियम में “ग्रेजुएशन डे” समारोह का भव्य आयोजन किया गया । इस अवसर पर शारदा विद्यालय एवं शकुंतला विद्यालय के नन्हे विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में शकुंतला ग्रुप ऑफ स्कूल्स के डायरेक्टर श्री संजय ओझा उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षिकाओं की सराहना करते हुए कहा कि नन्हे बच्चों को इतनी कुशलता एवं स्नेहपूर्वक तैयार करना उनकी प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट शिक्षण प्रणाली का प्रमाण है।

कार्यक्रम के दौरान बाल कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का दिल जीत लिया। बच्चों की चुलबुली गतिविधियों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को आनंदमय बना दिया।

कार्यक्रम में अभिभावकों के लिए भी विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभिभावकों के लिए “चुटकी गेम” एवं “कपल गेम” आयोजित किए गए, जिनमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चुटकी गेम में कुसुम पांडे एवं गरिमा राठी विजेता रहीं, वहीं कपल गेम में आशीष कुमार पांडे एवं सपना पांडे तथा मनीष कुमार देशलहरा एवं कविता देशलहरा विजेता रहे।

साथ ही अभिभावकों को प्रोत्साहित करने के लिए “अवेयर पेरेंट्स”, “वेल बिहेव्ड”, “बेस्ट डैड”, “ग्रेसफुल मॉम” तथा “पेरेंट्स ऑफ द ईयर” अवॉर्ड प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के प्रारंभ में बलजीत कौर एवं सृष्टि राव (सीनियर मिस्ट्रेस) ने अपने संबोधन में कहा कि प्रारंभिक शिक्षा में संवेदनशीलता, रुचि एवं सहजता को प्राथमिकता देते हुए बच्चों को निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर करना विद्यालय का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की शिक्षिका नेहा पटले (शकुंतला विद्यालय) एवं रामलाली दुबे (शारदा विद्यालय) द्वारा किया गया।

इस अवसर पर शकुंतला विद्यालय के प्राचार्य विपिन कुमार, शारदा विद्यालय रिसाली सेक्टर की मैनेजर श्रीमती ममता ओझा, शारदा विद्यालय रिसाली प्राचार्य एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों सहित ग्रुप के समस्त इंचार्ज एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post ब्रह्माकुमारीज 90 वर्ष नवदशकोत्सव के उपलक्ष में मीडिया परीचर्चा.