



चेक बाउंस केस में 12 दिन तिहाड़ जेल में बिताने के बाद बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव को अंतरिम जमानत मिल गई है. इसके बाद वे अपने गांव शाहजहांपुर पहुंचे जहां वे भतीजी की शादी में शामिल हुए हैं. इस दौरान उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है और उन्होंने जमकर डांस भी किया है. इस दौरान का वीडियो अब वायरल हो रहा है.



चेक बाउंस के एक पुराने केस में राजपाल यादव को जेल की हवा खानी पड़ी. उन्हें 12 दिन तिहाड़ जेल में रखा गया जिसके बाद एक निर्धारित डेट को पैसे वापस करने की शर्त पर उन्हें अंतरिम जमानत दे दी गई. इसके बाद सीधा राजपाल यादव अपने पैतृक गांव शाहजहांपुर पहुंचे और परिवार के लोगों से मुलाकात की. इस दौरान वे एक खास समारोह का भी हिस्सा बने. राजपाल यादव अपनी भतीजी की शादी में शामिल हुए और जमकर डांस भी किया. अब उनके डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वीडियो में वे काफी खुश नजर आ रहे हैं और अपनी फैमिली संग डांस करते नजर आ रहे हैं. उन्होंने इस दौरान एथनिक अटायर कैरी किया है. वे सलमान खान के गाने सरकी जो सर से वो धीरे-धीरे गाने पर जमकर डांस कर रहे हैं. अब ये वीडियो वायरल है और इसपर लोगों के रिएक्शन भी आ रहे हैं.
राजपाल यादव की भतीजी की शादी बड़ी धूम-धाम से मनाई जा रही है और किसी ग्रैंड वेडिंग से कम नहीं है. रिपोर्ट्स की मानें तो इसमें 3000 बारातियों के शामिल होने की संभावना है. साथ ही एक से बढ़कर एक खाने के पकवान भी शादी के मेन्यू में शामिल किए गए हैं. इसमें 8 किस्म की रोटियां हैं और 10 अलग-अलग प्रकार की मिठाइयां शामिल हैं. इसके अलावा सूप, स्टार्टर्स, ब्रेकफास्ट और मेन कोर्स भी है. तमाम किस्म की सब्जियां हैं. इसके अलावा रायता, सॉफ्ट ड्रिंक्स, नमकीन और आइसक्रीम की भी व्यवस्था है.
दरअसल ये केस पुराना है जब राजपाल यादव ने एक फिल्म बनाई थी. इसके लिए उन्होंने एक कंपनी से 5 करोड़ रुपये की रकम ली थी जो ब्याज मिलाकर 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. मगर राजपाल यादव द्वारा दिया गया चेक बाउंस हो गया और कोर्ट के बार-बार निर्देश देने के बाद भी उन्होंने पैसे वापस नहीं किए. जिसके बाद दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया. अब एक्टर को 12 दिन तिहाड़ जेल में रखने के बाद 18 मार्च तक के लिए अंतरिम जमानत दी गई है और पैसा वापिस करने का निर्देश दिया गया है.
राजपाल यादव पिछले 2 दशक से ज्यादा समय से फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा हैं और अपनी कॉमेडी से फैंस का मनोरंजन करते आए हैं. इस मुश्किल वक्त में सलमान खान और अक्षय कुमार समेत कई सारे कलाकार उनकी मदद को आगे आए हैं. वर्क फ्रंट की बात करें तो राजपाल यादव फिलहाल वेलकम टू द जंगल और भूत बंगला जैसी फिल्मों का हिस्सा हैं.
