वीडियो बनाने को मना करने पर यूट्यूबर बेटी ने उठाया खौफनाक कदम, सो रहे पिता को हसिए से काटा

कोरबा: हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया में पारिवारिक रिश्तों में लंबे समय से चली आ रही कड़वाहट हत्या में बदल गई। एक यूट्यूबर युवती ने रात में सो रहे अपने पिता पर हसिए से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी गीता केंवट (25) को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक अशोक केंवट (55) ग्राम रलिया में अकेला रहता था, जबकि उसकी पत्नी और तीन बेटियां कोरबा के पुरानी बस्ती क्षेत्र में अलग रहते थे। बताया गया कि अशोक अक्सर पत्नी और बेटियों से विवाद करता था, जिसके कारण परिवार ने उससे दूरी बना ली थी।

गीता केंवट सोशल मीडिया पर सक्रिय थी और यूट्यूब पर ऐसे विषयों पर चर्चा करती थी जिन पर सामान्यतः लोग खुलकर बात नहीं करते। पिता को उसकी यह गतिविधियां पसंद नहीं थीं और वह अक्सर उसके चरित्र को लेकर आपत्ति जताता था।

 

जाति प्रमाण पत्र के लिए गांव पहुंची थी युवती

जानकारी के अनुसार सोमवार को गीता अपने जाति प्रमाण पत्र बनवाने के सिलसिले में अपने गृह ग्राम रलिया पहुंची थी। वह अपने बड़े पिता के घर ठहरी थी। इसी दौरान पिता अशोक केंवट ने उससे अभद्र भाषा में बात की और आरोप लगाए, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हो गई।

रात करीब 2:30 बजे गीता अपने बड़े पिता के घर से निकलकर अशोक के घर पहुंची। उस समय वह गहरी नींद में था। आरोप है कि गीता ने हसिए से उसके जबड़े और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

सुबह घटना की जानकारी मिलने पर स्वजन ने पुलिस को सूचना दी। हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद डडसेना मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गीता केंवट को गिरफ्तार कर लिया। वैधानिक प्रक्रिया के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि पिता लगातार बेटी के जीवन-यापन और आचरण को लेकर अपशब्द कहता था, जिससे क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया।

 

रील्स विवाद ने भी बढ़ाया तनाव

गीता ने हाल ही में एक लाइव रील्स पोस्ट की थी। इसमें एक युवक नजर आ रहा था। वीडियो में वह युवक उसका परिचय दिए जाने से पहले अपनी बुलेट लेकर वहां से चला जाता है। गीता ने रील्स में बताया था कि युवक उससे फोन नंबर मांग रहा था, लेकिन लाइव वीडियो देखकर भाग गया।

 

इस घटना के बाद संबंधित युवक ने भी थाने में चरित्र हनन किए जाने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार
Next post आगामी 18 फरवरी से कलेक्टर जनदर्शन अब हर बुधवार को