



झाड़-फूंक व पूजा-पाठ के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

मां के इलाज के नाम पर विश्वास में लेकर की गई सुनियोजित धोखाधड़ी
सोने के आभूषण एवं नगदी सहित कुल 13 लाख रुपये की ठगी
एक महिला एवं एक पुरुष आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए न्यायिक रिमांड पर
थाना छावनी क्षेत्र अंतर्गत झाड़-फूंक एवं पूजा-पाठ के नाम पर धोखाधड़ी कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपियों को दुर्ग पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 21.01.2026 को प्रार्थी संजय अठवानी पिता —— उम्र 37 वर्ष निवासी सिंधी कॉलोनी, स्टेशन रोड दुर्ग द्वारा थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि कुछ दिनों पूर्व दो अज्ञात व्यक्ति उसकी दुकान पर सायकल देखने के बहाने आए थे, जिन्होंने उसका मोबाइल नंबर लिया तथा स्वयं का नाम “राजू” बताया।
कुछ दिनों पश्चात उक्त व्यक्ति द्वारा प्रार्थी से लगातार फोन पर संपर्क कर उसकी मां की तबीयत खराब रहने की जानकारी लेकर झाड़-फूंक एवं पूजा-पाठ से इलाज कराने का झांसा दिया गया। दिनांक 16.01.2026 को प्रार्थी को पावर हाउस फल मार्केट के पास बुलाकर एक महिला के साथ मिलकर देवी पूजा के नाम पर नारियल एवं 1100 रुपये लिए गए तथा मां के पूर्णतः स्वस्थ होने का विश्वास दिलाया गया।
इसके पश्चात आरोपियों द्वारा प्रार्थी को अपनी मां के सोने के आभूषण एवं नगद राशि मंदिर में रखने हेतु कहा गया तथा दिनांक 20.01.2026 को रेलवे स्टेशन पावर हाउस भिलाई के पास बुलाकर चार नग सोने के कंगन (कुल वजन लगभग 60 ग्राम, अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये) एवं नगद 8 लाख रुपये प्राप्त कर लिए गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए एवं उनके मोबाइल बंद हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना छावनी में अपराध क्रमांक 43/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर सूचना तंत्र सुदृढ़ किया गया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं अन्य माध्यमों से आरोपियों की पतासाजी करते हुए—
🔹 आरोपी बाबूलाल पिता —— उम्र 45 वर्ष निवासी थाना श्रीरामपुर, जिला चित्रकूट (उ.प्र.)
🔹 आरोपी गीता राय निवासी जिला हाथरस (उ.प्र.)
को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से लगभग 8 लाख रुपये नगद, मोबाइल फोन एवं कीपैड फोन जप्त किया गया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र एवं अंधविश्वास के नाम पर किसी भी प्रकार के झांसे में न आएं तथा इस प्रकार की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
