पीएम मोदी कल जाएंगे मोरबी, मेंटिनेंस कंपनी पर FIR नौ हिरासत में

गुजरात: सीएम भूपेंद्र पटेल मोरबी में घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस हादसे में अब तक 132 लोगों की मौत हो चुकी है।  मोरबी में हुए हादसे पर सऊदी अरब ने भी शोक जताया। सऊदी के विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह हादसा दुर्भाग्यपूर्ण है। हादसे के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक नवंबर को मोरबी जाएंगे। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी घटनास्थल का जायजा लेंगे। पुल हादसे को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बचाव कार्य में हरसंभव मदद मुहैया कराएं।

हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत होने की खबर है। यह परिवार जामनगर जिले की ढ्रोल तालुका से ताल्लुक रखता था। नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने भी शोक जाहिर किया। उन्होंने कहा कि मोरबी में हुए हादसे पर मैं दुख व्यक्त करता हूं। इस हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायल हुए लोगों को सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अनिल नाम के एक शख्स ने बताया कि जब पुल टूटा, उस वक्त मेरी दो बेटियां, पत्नी, पत्नी की बहन, पत्नी की चाची और उनके तीन बेटे उसी जगह मौजूद थे। मेरी पत्नी के सिर में चोट लगी है। उसका सीटी स्कैन कराया गया है।

केबल ब्रिज का मेंटिनेंस करने वाली कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कंपनी के खिलाफ आईपीसी की धारा 304, 308 और 114 के तहत केस दर्ज किया गया है। राजकोट के जिला कलेक्टर अरुण महेश बाबू ने बताया कि एसडीआरएफ की दो टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। इनमें एक टीम राजकोट और दूसरी टीम वडोदरा से आई है। इसके अलावा आर्मी, एयरफोर्स, फायर डिपार्टमेंट और नगर निगम की टीमें भी बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुजरात में कल हुए हादसे में कई लोगों ने अपनी जान गंवा दी। सबसे पहले मैं मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें यह दुख सहने की शक्ति दे। हादसे के मद्देनजर पीएम मोदी ने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया है। दरअसल, पीएम मोदी गुजरात और राजस्थान के तीन दिन के दौरे पर हैं।

हादसे के चलते सोमवार को अहमदाबाद में होने वाला उनका रोड शो रद्द कर दिया गया है। बीजेपी गुजरात मीडिया सेल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की वर्चुअल उपस्थिति में होने वाला पेज कमेटी स्नेह मिलन कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया है। मीडिया संयोजक डॉ. याग्नेश दवे के मुताबिक, मोरबी त्रासदी के मद्देनजर सोमवार को कोई कार्यक्रम नहीं होगा। हालांकि, 2,900 करोड़ रुपये के रेलवे प्रोजेक्ट को समर्पित करने का कार्यक्रम रद्द नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post छठ पूजा का प्रसाद बनाते समय सिलेंडर फटा
Next post राज्योत्सव की तैयारियां अंतिम चरण पर,जुनेजा मुख्य अतिथि