वनभूमि पर कब्जे को लेकर भील और बंजारा समाज में विवाद, आगजनी में 12 घर खाक

गुना। जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह भील समुदाय के लोगों ने बंजारा समाज के घरों में आग लगा दी। पन्हेटी गांव में हुई इस आगजनी में 12 घरों के साथ टपरे, ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल, राशन, सर्दी के कपड़े भी खाक हो गए।

घटना के समय ग्रामीण खेतों में मजदूरी के लिए गए थे अन्यथा माल के साथ जनहानि भी हो सकती थी। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। फिलहाल हालात नाजुक बने हुए हैं।

दीवाली में हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार बमोरी तहसील के पन्हेटी गांव में वनभूमि पर कब्जे को लेकर भील और बंजारा समुदाय के बीच विवाद चला आ रहा है। दीपावली के दिन भी दोनों समुदाय आमने-सामने हुए थे, जिसमें दोनों पक्ष से दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। गल सिंह भील का इंदौर और कल्लू बंजारा का भोपाल में इलाज चल रहा था, लेकिन सोमवार रात गल सिंह भील की इंदौर में मौत हो गई।

naidunia_image

इलाजरत भील शख्स की मौत से गरमाया मामला

गल सिंह की मौत से गुस्साए भील समुदाय के 30-35 लोगों ने मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे बंजारा समाज के घरों व टपरों में आग लगा दी। इससे दो ट्रैक्टर, पांच बाइक, राशन, सर्दी के कपड़े और खलिहान में रखी फसल जलकर खाक हो गई। इतना ही नहीं, पानी के बोरों को भी पूर दिया गया।

naidunia_image

पुलिस को गांव में घुसने नहीं दिया

सूचना पर फतेहगढ़ थाना की पुलिस गांव पहुंची, तो घुसने नहीं दिया और पुलिस वाहनों पर पथराव कर दिया, इससे वापस लौटाना पड़ा। इसके बाद जिला मुख्यालय के अलावा आसपास के थानों से बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव में तैनात किया गया है, लेकिन भील समुदाय के लोगों का गांव के मंदिर पर एकत्रित होने से हालात फिलहाल नाजुक बने हुए हैं, जिसके चलते पुलिस भी तैयारी में है।

पुलिस के पहुंचने से पहले लगा दी थी घरों में आग

एसडीओपी विवेक अष्ठाना ने बताया कि दिवाली के दिन बंजारा और भील समुदाय में वनभूमि पर कब्जे को लेकर आमने-सामने हुए थे। इस दौरान पुलिस ने आठ नामजद और अज्ञात के खिलाफ क्रास मामला दर्ज किया था। सोमवार रात उक्त मारपीट में घायल और इंदौर में उपचाररत गलसिंह भील की मौत हो गई।

इस सूचना पर मंगलवार को पन्हेटी गांव में आसपास के थानों का बल गांव में पहुंचाया था, लेकिन उससे पहले भील समुदाय के करीब 30-35 लोगों ने बंजारा समाज के 12 घरों में आग लगा दी। इस दौरान बंजारा समाज के लोग खेतों में मजदूरी को गए थे। फिलहाल गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। जिन घरों में नुकसान हुआ है, उनकी तरफ से रिपोर्ट कराने पर मामला पंजीबद्ध कर विवेचना करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post ‘हमारा संविधान एक जीवंत और प्रगतिशील दस्तावेज’, संसद के संयुक्त सत्र में बोलीं राष्ट्रपति
Next post छत्तीसगढ़ में रेल हादसा… मालगाड़ी के 22 डिब्बे पटरी से उतरे, कई ट्रेनों के रूट बदले, कुछ गाड़ियां बीच में ही रद