राम का नाम लेते-लेते गले पर हाथ डालने लगीं महिलाएं…. राजन जी महाराज की कथा से पुलिस ने 13 महिलाओं को दबोचा

शहडोल: जिले की पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय महिला चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। ये महिलाएं राम कथा के दौरान कथा सुनने वाली महिलाओं के गहने की चोरी करती थीं। पुलिस ने गिरोह के 13 महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन महिलाओं के पास से लगभग 10 तोले के आसपास गहने जिसकी कीमत 8 लाख थी बरामद की है। पुलिस ने बताया है कि ये महिला चोर गिरोह यूपी के गाजीपुर, बनारस और बिहार की रहने वाली हैं।

दरअसल, शहडोल जिले के पॉलिटेक्निक ग्राउंड में राजन जी महाराज की राम कथा चल रही है। आसपास के जिलों से भारी संख्या में भक्त उनकी कथा सुनने के लिए पहुंच रहे हैं। राम कथा के दौरान महिलाओं के गले से सोने की चेन गायब हो रही थी। जिसके बाद उन पीड़ित महिलाओं ने इसकी सूचना पुलिस को दी। लगातार हो रही चेन चोरी की घटनाओं से पुलिस तंग आ चुकी थी।

 

पुलिस ने बनाया तगड़ा प्लान

चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने तगड़ा प्लान बनाया। पुलिस ने सादी वर्दी में महिला पुलिस की टीम को राम कथा के दौरान मुस्तैद कर दिया। ताकि पता लगाया जा सके कि किसके द्वारा चेन चोरी की जा रही है। महिला पुलिस को सफलता तब मिली जब आरती के दौरान एक महिला हल्ला मचाने लगी कि उसकी सोने की चेन गले से काटने का प्रयास किया गया है। सादी वर्दी में तैनात महिला पुलिस ने तत्काल उस महिला के पास बैठी अन्य महिलाओं को पकड़ा और उनसे पूछताछ करने लगी। पास में बैठी सभी चोर महिलाओं ने एक दूसरे के बारे में बता दिया।

 

उमरिया में स्टेशन पर रुकी थीं महिलाएं

पुलिस ने तत्काल चेन चोरी करने वाली 13 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। उन महिलाओं के नाम काजल कुमारी, गौरी कुमारी, करिश्मा, पिंकी देवी, अंजली कुमारी, मंजू कुमारी, पूजा कुमारी, रूनू कुमारी, राधा देवी, मुगुनी देवी, प्रीति, बेबी कुमारी, रिंकू देवी हैं। चेन चोरी करने वाले गिरोह की सभी महिलाएं उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली रेलवे स्टेशन पर रुकी हुई थीं। वे रोज वहां से ट्रेन में बैठकर शहडोल आती थीं। राम कथा के दौरान घटना को अंजाम देती थी और वापस ट्रेन में बैठकर बिरसिंहपुर पाली चली जाती थी।

 

पुलिस ने क्या कहा?

इस पूरे मामले में शहडोल एडिशनल एसपी अभिषेक दीवान ने बताया कि शहडोल में आयोजित राम कथा में महिलाओं की चेन चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय महिला चैन गिरोह की 13 सदस्यों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ चल रही है। पकड़ी गई महिला चोर रामकथा में आए लोगों की चेन पार कर देती थी। महिलाओं से चोरी की लगभग 10 तोला 8 लाख से अधिक कीमत की चेन बरामद की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post सरकारी टीचर ने ठुकराया रिश्ता, स्कूल पहुंच गया सिरफिरा, गला काटकर किया मर्डर
Next post BJP को वोट देने की बात पर UP के करहल में दलित लड़की की हत्या, सपा नेता पर लगा आरोप