ताज़ा खबर
Home / देश / परमाणु बम के मामले में पाकिस्‍तान से ‘मीलों’ आगे निकला भारत, अमेरिकी न्‍यूक्लियर साइंटिस्‍ट की नई रिपोर्ट ने उड़ाए होश

परमाणु बम के मामले में पाकिस्‍तान से ‘मीलों’ आगे निकला भारत, अमेरिकी न्‍यूक्लियर साइंटिस्‍ट की नई रिपोर्ट ने उड़ाए होश

वॉशिंगटन/इस्‍लामाबाद: भारत और पाकिस्‍तान के बीच परमाणु हथियारों की रेस तेज होती जा रही है। अमेरिकी परमाणु वैज्ञानिकों की ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत परमाणु बम के मामले में अब पाकिस्‍तान से काफी आगे निकल गया है। फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्‍ट के वैज्ञानिकों ने बताया कि भारत के परमाणु बमों की संख्‍या अब 180 पहुंच गई है। वहीं पाकिस्‍तान के परमाणु बमों की संख्‍या अभी भी 170 पर ही टिकी हुई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कोल्‍ड वॉर के बाद परमाणु हथियारों की संख्‍या में कमी आई है लेकिन अभी भी ये बहुत ज्‍यादा बनी हुई है। दुनिया में कुल 9 परमाणु हथियार संपन्‍न देश हैं जिनके पास 12,331 परमाणु बम हैं। वहीं चीन की बात करें तो उसके परमाणु बमों की संख्‍या 600 तक पहुंच गई है।

स्‍टेट्स ऑफ वर्ल्‍ड न्‍यूक्लियर फोर्सेस नाम से आई इस रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन और भारत तेजी से अपने परमाणु बमों की संख्‍या को बढ़ा रहे हैं। इसके अलावा उत्‍तर कोरिया, पाकिस्‍तान, ब्रिटेन और रूस परमाणु ताकत को बढ़ाने पर काम कर रहे हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका और रूस के पास दुनिया के 88 फीसदी परमाणु बम हैं। दुनिया में परमाणु बमों की संख्‍या को कम करने के प्रयास में गिरावट आई है। दुनिया में एक बार फिर से वारहेड की संख्‍या में बढ़ोत्‍तरी हुई है। फ्रांस और इजरायल के परमाणु बमों की संख्‍या में ठहराव बना हुआ है।

दुनिया में क‍ितने हैं परमाणु बम ?

रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया में कुल 12,331 न्‍यूक्लियर वारहेड हैं जिसमें से 9,604 मिलिट्री जखीरे में है जिसका मिसाइल, फाइटर जेट, युद्धपोत और सबमरीन में इस्‍तेमाल किया जाना है। अमेरिका, रूस, ब्रिटेन और फ्रांस के 2100 परमाणु बम हाई अलर्ट पर रखे गए हैं। इन बमों को बहुत ही कम समय में हमले के लिए तैयार किया जा सकता है। वैज्ञानिकों ने कहा कि हर देश अपने परमाणु बमों की असली संख्‍या को पूरी तरह से छिपाकर रखता है, इसलिए उनके आंकड़े अनुमानित हैं। वैज्ञानिकों ने यह आंकड़ा सार्वजनिक सूचना, ऐतिहासिक रेकॉर्ड और कभी कभी होने वाले लीक के आधार पर निकाला गया है।

परमाणु हथियार संपन्‍न देश इसे कम करने के बजाय लंबे समय तक के लिए इसे बनाए रखने की तैयारी कर रहे हैं। ये देश अपनी परमाणु सेना को लगातार आधुनिक बना रहे हैं। भारत की बात करें तो एक साल पहले तक उसके परमाणु बमों की संख्‍या 174 थी जो अब बढ़कर 180 हो गई है। वहीं पाकिस्‍तान अभी भी 170 के आंकड़े पर बना हुआ है। भारत दुनिया के उन कुछ चुनिंदा देशों में शामिल है जो अत्‍यंत संवर्द्धित यूरेनियम (HEU) और वेपन ग्रेड का प्‍लूटोनियम दोनों का उत्‍पादन कर रहा है। हालांकि HEU का ज्‍यादा इस्‍तेमाल परमाणु ऊर्जा से चलने वाली सबमरीन में किया जाता है।

भारत के पास जल, नभ और धरती से हमले की ताकत

साल 2023 में एक अंतरराष्‍ट्रीय पैनल ने अनुमान लगाया था कि भारत के पास परमाणु बम बनाने के लिए करीब 680 किलोग्राम प्‍लूटोनियम है। यह 130 से लेकर 210 परमाणु बम बनाने के लिए पर्याप्‍त है। भारत जमीन, हवा और पानी तीनों ही तरीके से परमाणु हमला करने में सक्षम है। भारत के पास जहां अग्नि सीरिज की परमाणु मिसाइले हैं, वहीं मिराज फाइटर जेट हैं जो परमाणु बम गिराने की क्षमता रखते हैं। इसके अलावा भारत परमाणु पनडुब्बियां बना रहा है जो समुद्र के नीचे परमाणु हमला करने में सक्षम हैं।

About jagatadmin

Check Also

सबकी बल्ले-बल्ले, लेकिन इन लोगों की जेब होगी ढीली, जानिए किन-किन चीजों पर लगेगा 40 फीसदी वाला ‘स्पेशल GST’

दिपावली से पहले बुधवार को जीएसटी का स्लैब कम कर केंद्र सरकार ने लोगों को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *