



दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलवाद पनपने से लेकर अब तक की सबसे भीषण मुठभेड़ शुक्रवार को नारायणपुर- दंतेवाड़ा जिलों की सीमा पर हुई है। शुक्रवार को सीएम विष्णुदेव साय के बस्तर दौरे के बीच ही मुठभेड़ में अब तक 32 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। इन सभी 32 नक्सलियों के शव सुरक्षाबलों ने बरामद कर लिए हैं। बड़ी संख्या में हथियारों के भी बरामद होने की खबर है। अब भी जारी है मुठभेड़ और बढ़ सकती है मारे गए नक्सलियों की संख्या।



उल्लेखनीय है कि, छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच शुक्रवार को दोपहर से ही भीषण मुठभेड़ चल रही है। नक्सलियों के 32 शवों के साथ बड़ी संख्या में ऑटोमेटिक हथियार बरामद किया गया है। मारे गए 30 नक्सलियों में से कुछ के बड़े कैडर के होने की बात कही जा रही है। फिलहाल मुठभेड़ अभी भी चल रही है।
एसपी गौरव राय ने की पुष्टि
पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ नारायणपुर- दंतेवाड़ा की सीमा पर चल रही है। रुक-रुक कर दोनों तरफ से फायरिंग हो रही है। मिली जानकारी के अनुसार सभी जवान सुरक्षित है। एसपी गौरव राय ने इसकी पुष्टि की है। दंतेवाड़ा- नारायणपुर पुलिस संयुक्त अभियान चला रही है।

सीएम बोले- जवानों को मिली कामयाबी सराहनीय
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में अब तक की सबसे बड़ी मुठभेड़ पर CM साय ने ट्वीट किया है। उनहोंने लिखा है कि, जवानों को मिली यह बड़ी कामयाबी सराहनीय है। उनके हौसले और अदम्य साहस को नमन करता हूं। नक्सलवाद के खात्मे के लिए शुरू हुई हमारी लड़ाई अब अपने अंजाम तक पहुंचकर ही दम लेगी। इसके लिए हमारी डबल इंजन सरकार दृढ़ संकल्पित है। प्रदेश से नक्सलवाद का खात्मा ही हमारा लक्ष्य है।
इस साल 190 नक्सली अब तक मारे गए
2024 में अब तक 190 से ज्यादा नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पी ने दंतेवाड़ा मुठभेड़ से पहले बताया था कि बस्तर संभाग में मानसून सीजन में ही 212 से ज्यादा नक्सली गिरफ्तार हुए हैं। नक्सल विरोधी अभियान के दौरान 201 नक्सलियों ने सरेंडर भी किया है। बता दें कि 10 दिन पहले, 24 सितंबर को सुकमा जिले में एक मुठभेड़ हुई, जिसमें 2 नक्सलियों को मार गिराया गया। हालांकि, दोनों शव उनके साथियों ने ले लिए। DRG, CRPF और कोबरा के जवान कर्कनगुड़ा में नक्सलियों के मुख्य क्षेत्र में दाखिल हुए थे। साल 2024 में अब तक कुल 190 नक्सलियों को मारा गया है।
Jagatbhumi Just another WordPress site
