CRPF जवान 52 दिन बाद लौटा, बोला- पत्नी करती थी टॉर्चर, इसलिए छोड़ा था घर,पत्नी-सारे आरोप झूठे

जगदलपुर:  बस्तर जिले में स्थित CRPF 80वीं बटालियन का लापता जवान 52 दिन बाद घर लौट आया है। घर से भागने के बाद जवान निर्मल कटारिया मध्यप्रदेश में रह रहा था। जगदलपुर लौटने के बाद जवान ने घर छोड़ने की वजह पारिवारिक कारण को बताया।

जवान के मुताबिक उसकी पत्नी हिना कटारिया उसे टॉर्चर करती थी। पिटाई करने के लिए दौड़ाती थी। पत्नी की इन्हीं हरकतों से तंग आ गया था। इसलिए घर छोड़कर चला गया था। हालांकि, जवान की पत्नी ने झूठा आरोप लगाना बताया है।

निर्मल कटारिया ने कहा कि, हम दोनों पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ महीनों से कुछ भी ठीक नहीं चल रहा था। किसी न किसी बात को लेकर हर दिन घर में झगड़ा होता था। पारिवारिक कलह इतनी ज्यादा बढ़ गई थी कि घर छोड़ने का और कहीं जाकर सुसाइड करने का निर्णय ले लिया था। इसी वजह से 5 अगस्त से ड्यूटी पर भी नहीं जा रहा था। निर्मल कटारिया का कहना है कि, मध्यप्रदेश के किसी शहर में रहकर मजदूरी कर गुजारा चला रहा था।

पत्नी बोली- सारे आरोप झूठे

जवान की पत्नी हिना कटारिया ने पति के लगाए सारे आरोपों को झूठा कहा है। उन्होंने कहा कि, पति मुझे टॉर्चर करते थे। मायके वालों से पैसे मांगने को कहते थे। इसमें ससुराल वालों का भी हाथ था। पैसों की तंगी और उधारी के चलते वे घर छोड़कर चले गए थे। अब ससुराल वालों के दबाव में आकर गलत आरोप लगा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि, पति जगदलपुर आ तो गए हैं लेकिन वे अभी घर पर साथ में नहीं है। दरअसल, कुछ दिन पहले भी महिला ने प्रेस वार्ता लेकर अपने पति पर मायके से पैसे मंगवाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया था।

जवान निर्मल कटारिया 3 दिसंबर से लापता था। पत्नी ने जवान की गुमशुदगी की रिपोर्ट बोधघाट थाने में दर्ज करवाई थी। पत्नी ने उस समय भी मीडिया से कहा था कि पति पर 70 से 80 हजार रुपए का कर्ज था। उधार की वजह से वे घर छोड़कर भागे थे।

महिला ने बताया कि, जगदलपुर लौटने से कुछ दिन पहले पति ने इंस्टाग्राम पर अलग-अलग नामों से 3 ID बनाई थी। चैट में हमारी अच्छे से बात हुई थी। अब यहां आने के बाद मीडिया के सामने कुछ भी आरोप लगा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post रोमांस करते घूमने वाला कपल गिरफ्तार
Next post आंगनबाड़ी केंद्रों में ताले,मांगों को लेकर हल्‍लाबोल