



गरियाबंद: नक्सल विरोधी अभियान के खिलाफ जवानों को बड़ी सफलता मिली है। गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के भालुडिग्गी जंगल में जवानों के चलाए गए सर्चिंग अभियान में बड़ी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की गई है। जवानों को खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली थी कि नक्सली किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के लिए भालुडिग्गी के जंगलों में सामान जमा कर रहे हैं। जिसके बाद जवान मिशन पर निकले थे।



खुफिया जानकारी के बाद सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन ने ऑपरेशन चलाया। इस ऑपरेशन के जरिए जवानों ने नक्सलियों के बड़े इरादे को नाकाम कर दिया। सर्चिंग के दौरान कुल्हड़ीघाट और बिंद्रानवागढ़ में जवानों को नक्सलियों की बड़ी सामग्री बरामद की। नक्सलियों की सामग्री बरामद होने से नक्सली संगठनों को झटका लगा है। नक्सली मॉनसून के मौसम में राशन को जमा करके रखते हैं।
जमीन के नीचे गाढ़कर रखा था सामान
नक्सलियों ने झाड़ियों के बीच जमीन के भीतर और झाड़ियों में छुपाकर सामग्री छिपाई थी। जवानों को यहां से सिलाई मशीन, पिट्ठू बैग, प्लास्टिक के जूते, तिरपाल, दवाइयां और राशन जैसी कई उपयोगी वस्तुएं मिलीं हैं। यह सामान नक्सलियों तक पहुंच पाता उससे पहले ही जवानों ने इसे बरामद कर नष्ट कर दिया।
नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
मामले की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि सभी सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। सुरक्षाबलों के अनुसार, यह कार्रवाई नक्सलियों की सप्लाई चेन पर बड़ा प्रहार है, जिससे उनका जंगल में टिके रहना और मुश्किल हो जाएगा। सीआरपीएफ के अधिकारी ने बताया है कि नक्सली संगठन अब भी ग्रामीण इलाकों में छिपकर अपनी गतिविधियों को जारी रखने की कोशिश कर रहे हैं।
राज्य में नक्सल विरोधी अभियान
छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान के तहत कार्रवाई हो रही है। सुरक्षाबल के जवान इस बार मॉनसून में भी अभियान चला रहे हैं। सुकमा और बीजापुर जिले में जवानों ने नक्सली सामग्री और विस्फोटक बरामद किया था।
Jagatbhumi Just another WordPress site
