बिलासपुर में गरबा कार्यक्रम में आए इंडियन आइडल फेम दानिश का विरोध, जमकर हुई नारेबाजी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में करुणा ग्रुप की ओर से आयोजित गरबा कार्यक्रम में गायक मोहम्मद दानिश को आमंत्रित किए जाने का सर्व हिंदू संगठन ने विरोध किया। इन्होंने एसबीआर कॉलेज गेट पर शाम छह बजे से रात नौ बजे तक प्रदर्शन किया। इस दौरान गरबा कार्यक्रम शुरू नहीं हो सका। पुलिस की समझाइश के बाद संगठन के लोग वहां से हटे। इसके बाद गरबा का आयोजन देर रात तक चलता रहा।

नवरात्र पर्व के अवसर पर करुणा ग्रुप की ओर से गरबा का आयोजन किया गया है। इसमें इंडियन आइडल के गायक मोहम्मद दानिश को सिंगर के तौर पर आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का शहर के सर्व हिंदू समाज की ओर से विरोध किया जा रहा था। इसके बाद भी आयोजनकर्ताओं ने कार्यक्रम आयोजित किया।

पुलिस अधिकारियों ने दी समझाइश

इसका विरोध करते हुए शुक्रवार को सर्व हिंदू समाज के लोग बड़ी संख्या में शाम छह बजे कार्यक्रम स्थल एसबीआर कॉलेज परिसर के सामने पहुंच गए। संगठन के लोगों ने नारेबाजी करते हुए कार्यक्रम का विरोध किया। इधर विरोध को देखते हुए पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।

संगठन के लोग कार्यक्रम को रद कराने की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहे थे। विरोध की सूचना पर एएसपी उमेश कश्यप, टीआई प्रदीप आर्य ने लोगों को समझाइश दी। तीन घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यक्रम शुरू नहीं किया जा सका।

अतिथियों से कार्यक्रम में नहीं आने की अपील की

इस दौरान विरोध करने वालों ने कार्यक्रम के अतिथियों से भी बात की। विरोध करने वालों ने बताया कि अतिथियों डिप्टी सीएम अरुण साव व बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने भी कार्यक्रम में शामिल नहीं होने का आश्वासन दिया है।

रात करीब नौ बजे पुलिस के अधिकारियों और आयोजकों के आश्वासन के बाद विरोध करने वाले वहां से हटे। इसके बाद आयोजकों ने कार्यक्रम शुरू किया जो देर रात तक चलता रहा।

आस्था को ठेस पहुंचाई

“गरबा जैसे धार्मिक आयोजन में दूसरे धर्म के गायक को बुलाकर हिंदू आस्था ठेस पहुंचाई गई है। यह गलत परंपरा की शुरुआत है। सर्व हिंदू संगठन की ओर से ऐसे किसी भी कार्यक्रम का विरोध किया जाएगा जो हिंदू आस्था को ठेस पहुंचाए।” – समीर शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय राष्ट्रवादी समाज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post नशे के खिलाफ संकल्प अभियान के तहत नशा कारोबारी पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्यवाही, पटना बिहार से नषीली दवाईयों का 1 अर्न्तराज्यीय आरोपी सहित 4 अन्य आरोपी गिरफ्तार
Next post सेना के जवानों का हथियार उठाकर निशाना लगे सीएम साय, सैन्य प्रदर्शनी में आधुनिक वैपन्स देखकर हो जाएंगे रोमांचित