केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने आज शनिवार 14 नवंबर 2026 को अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म ‘महादेव ऑनलाइन बुक ऐप’ के सिलसिले में छह राज्यों में 33 जगहों पर छापेमारी की है. यह कार्रवाई ऐप के पैनल ऑपरेटरों से जुड़ी जगहों को निशाना बनाकर की गई है.



जांच एजेंसी ने एक बयान मे बताया कि ओमान सल्तनत से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद, इस प्लेटफॉर्म के मुख्य आरोपियों और प्रमुख प्रमोटरों में से एक, सौरभ चंद्राकर द्वारा किए गए खुलासों के आधार पर पिछले कुछ दिनों में ये तलाशी अभियान चलाए गए. सीबीआई ने आगे बताया कि इन तलाशी अभियानों के दौरान, लाइव बेटिंग और जुए के पैनल चलते हुए पाए गए, जिन्हें बंद कर दिया गया है. डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और ऐसे आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिनसे ‘म्यूल अकाउंट’ (mule accounts) और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल का पता चला है. इनको जब्त कर लिया है.
चंद्रकार को ओमान से प्रत्यर्पित किया गया और 1 नवंबर को CBI ने उसे गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद रायपुर में विशेष न्यायाधीश (CBI मामले) ने एजेंसी को उससे पूछताछ के लिए आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. अधिकारियों के अनुसार, चंद्राकर से पूछताछ में अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के कामकाज और पूरे भारत में फैले इसके पैनल ऑपरेटरों के व्यापक नेटवर्क के बारे में जानकारी सामने आई. जांचकर्ताओं ने जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजी रिकॉर्ड और डिजिटल सबूत भी उसके सामने रखे.
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंपे जाने के बाद, सीबीआई (CBI) ने महादेव ऑनलाइन बुक मामले के संबंध में दो एफआईआर (FIR) दर्ज की हैं. अधिकारियों ने बताया कि अब तक की जांच से पता चला है कि यह प्लेटफॉर्म विदेश से एक हेड ऑफिस के जरिए चलाया जाता है और भारत में ‘पैनल ऑपरेटरों’ के एक बड़े नेटवर्क के माध्यम से काम करता है. ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालते हैं, सट्टेबाजी का पैसा ऐसे बैंक खातों में जमा करते हैं जो विशेष रूप से अन्य लोगों के नाम पर खोले गए हैं या किराए पर लिए गए हैं, और फिर मुनाफे की रकम हवाला के जरिए विदेश भेज देते हैं.
पुलिस हिरासत पूरी होने के बाद, 12 नवंबर को चंद्रकार को रायपुर में विशेष न्यायाधीश (CBI मामले) के सामने पेश किया गया. इसके बाद अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया. अधिकारियों ने बताया कि अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है. इनमें वे लोग भी शामिल हैं जो विदेश से काम कर रहे थे, जिन्होंने सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म की गतिविधियों में मदद की, और वे सरकारी कर्मचारी जो कथित तौर पर इस मामले से जुड़े हैं.
एजेंसी ने यह भी बताया कि वह उन अन्य आरोपियों के प्रत्यर्पण (extradition) को सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रही है, जो फिलहाल फरार हैं. CBI ने कहा कि आम जनता को आगाह किया जाता है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ खेलना गैरकानूनी है. ऐसी गतिविधियों के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान दस्तावेज किसी और को देना या किराए पर देना भी एक आपराधिक अपराध है, और ऐसा करने पर खाताधारक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है
