मध्यप्रदेश के सागर में ईमानदारी का अनूठा मामला सामने आया है. यादव ट्रांसपोर्ट के संचालक और पूर्व सैनिक अमित यादव ने अपने ड्राइवर शिवम पंडित की 10 साल की वफादारी से खुश होकर उन्हें ट्रक उपहार में दे दिया. इस सम्मान समारोह में अन्य कर्मचारियों को भी नकद इनाम दिए गए.



कहते हैं कि ईमानदारी की कीमत पैसों से नहीं लगाई जा सकती. जब मेहनत और वफादारी का सम्मान होता है तो वह पल जिंदगी बदल देता है. मध्यप्रदेश के सागर में एक ऐसा ही प्रेरणादायक मामला सामने आया है. यहां एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी ने अपने पुराने ड्राइवर की ईमानदारी से प्रभावित होकर उसे केवल कुछ हजार रुपये नहीं, बल्कि पूरा का पूरा ट्रक ही उपहार में दे दिया.
यह वाकया सागर के सदर इलाके का है. यहां यादव ट्रांसपोर्ट द्वारा ड्राइवरों और कर्मचारियों के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया गया था. इस दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले ड्राइवरों को 5 हजार, 10 हजार से लेकर 60 हजार और 70 हजार रुपये तक की नकद राशि दी गई. वहीं, सैकड़ों अन्य कर्मचारियों को भी नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
समारोह का सबसे भावुक और हैरान कर देने वाला पल तब आया, जब ट्रांसपोर्ट संचालक और ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित यादव ने बड़ा ऐलान किया. उन्होंने अपने ड्राइवर शिवम पंडित को पूरा ट्रक उपहार में देने की घोषणा कर दी. शिवम पंडित महज 18 साल की उम्र से यादव ट्रांसपोर्ट में काम कर रहे हैं. 10 साल की मेहनत, ईमानदारी और वफादारी के दम पर आज वे एक कर्मचारी से सीधे ट्रक मालिक बन गए हैं.
