बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा में सोमवार सुबह खड़ी ट्रक से यात्री बस की भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 यात्री घायल हैं।




छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। सिमगा थाना क्षेत्र के ग्राम दरचुरा के पास खड़ी ट्रक को अंबिकापुर से रायपुर आ रही यात्री बस ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ से 10 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना सुबह करीब 5:30 बजे हुई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बस में कुल 22 यात्री सवार थे। सुबह के समय दरचुरा गांव के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बचाव कार्य शुरू किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 टीम और सिमगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां घायलों का इलाज किया जा रहा है।
हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, घायलों की संख्या आठ से 10 बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि सड़क किनारे ट्रक किस स्थिति में खड़ी थी और बस उससे कैसे टकराई। हादसे में मृतकों और घायलों की विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
