दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने आदित्य ठाकरे और अनिल देशमुख को 500 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेजा है|





दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत के मामले में 500 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेजा गया है। दिशा के पिता सतीश सालियन ने शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और एनसीपी (SP) नेता अनिल देशमुख से 500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है।
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि दोनों नेताओं ने सतीश सालियन की न्याय की लड़ाई को राजनीति से प्रेरित दिखाने की कोशिश की। 28 साल की दिशा सालियन की मौत 8 जून, 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक ऊंची रिहायशी इमारत से गिरने के कारण हुई थी।
कानूनी नोटिस में कहा गया है, “ऊपर बताए गए आरोप झूठे, बेबुनियाद, गैर-जिम्मेदाराना और मानहानि करने वाले हैं। ये आरोप बिना किसी भरोसेमंद सबूत या आधार के और सिर्फ आपके गलत और छिपे हुए मकसदों को पूरा करने के लिए लगाए गए हैं। ये आरोप मेरे मुवक्किल (सतीश सालियन) की ईमानदारी, विश्वसनीयता और नेकनीयती पर सीधा और गंभीर सवाल उठाते हैं। इसमें एक दुखी पिता को एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर दिखाया गया है जो गलत, दुर्भावनापूर्ण और राजनीतिक मकसद से न्यायिक प्रक्रिया का गलत इस्तेमाल कर रहा है।”
नोटिस में ठाकरे पर यह आरोप भी लगाया गया है कि उन्होंने गलत तरीके से यह दावा किया कि सीबीआई ने दिशा सालियन मामले की जांच कर ली है और उन्हें क्लीन चिट दे दी है। कहा जाता है कि ठाकरे ने दावा किया था कि सालियन का इस्तेमाल उन्हें परेशान करने के लिए एक हथियार के तौर पर किया जा रहा था। अनिल देशमुख ने इस दावे का समर्थन किया था।
नोटिस के अनुसार, 23 मार्च 2025 को अनिल देशमुख ने कहा था कि दिशा सालियन केस आदित्य ठाकरे को बदनाम करने की एक साजिश थी। कहा जाता है कि इस बयान को काफी प्रचार मिला और इसने सतीश सालियन को एक बेईमान, राजनीतिक रूप से प्रेरित और दुर्भावनापूर्ण मुकदमेबाज के तौर पर पेश किया, जो आपराधिक न्याय प्रणाली का गलत इस्तेमाल कर रहा था।
