नगर पंचायत मगरलोड के वार्ड क्रमांक 4 में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 26 वर्षीय युवती लता सिन्हा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले घर में टीवी देख रहे अपने ही माता-पिता को कमरे में बाहर से ताला लगाकर बंद कर दिया था। इसके बाद उसने हॉल में लगे पंखे से रस्सी का फंदा लटकाकर अपनी जान दे दी। बेबस माता-पिता रातभर कमरे के अंदर ही बंद रहे और उन्हें भनक तक नहीं लगी कि बाहर उनकी बेटी दम तोड़ चुकी है।





घटना का खुलासा तब हुआ जब बंधक बने मां- पिता ने कमरे के अंदर से ही मोबाइल के जरिए अपने अन्य परिजनों को फोन पर इस बात की जानकारी दी की हमें कमरे में बंद कर दिया है।
डायल 112 को दी सूचना तोड़ा गया दरवाजा
सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तत्काल पुलिस सहायता नंबर 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी गई। ‘डायल 112’ की टीम के पहुंचने के बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में सबसे पहले घर के मुख्य दरवाजे को तोड़ा गया।
इसके बाद अंदर जाकर उस कमरे का ताला काटा गया जिसमें माता-पिता बंद थे। कमरे से बाहर निकलते ही जब परिजनों ने हॉल का मंजर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई; लता सिन्हा की सांसें हमेशा के लिए थम चुकी थीं।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना के बाद व्यथित पिता हीरालाल सिन्हा ने तत्काल मगरलोड थाने पहुंचकर मामले की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस टीम ने फौरन मौके पर पहुंचकर मृतिका के शव को फंदे से नीचे उतारा। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम (PM) के लिए भेजा गया। दोपहर बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है
