तंत्र- मंत्र का झांसा देकर गंगा जल में साइनाइड मिलाकर बेसुध करने के बाद हेलमेट से हत्या सुनिश्चित करने वाले हत्यारे को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। मृतक का नाम बीरेंद्र देवांगन था। उसकी हत्या दिसंबर 2024 को धमतरी जिले के गंगरेल स्थित मानव वन और शिवा रिसॉर्ट के बीच की गई थ्ही।





अपर सत्र न्यायाधीश धमतरी ने परिस्थितिजन्य साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पुख्ता गवाहों के आधार पर आरोपी खुशवंत उर्फ खूबू साहू को दोषी करार देते हुए आजीवन सश्रम कारावास और पांच सौ रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
तीन दिसंबर 2024 को हुई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
इस मामले की शुरुआत 3 दिसंबर 2024 को हुई थी, जब थाना सिहावा में पदमपुर निवासी 55 वर्षीय बीरेंद्र देवांगन के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इत्तेफाक से उसी दिन मानव वन के आगे गंगरेल रोड किनारे एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी मिलने की सूचना रुद्री पुलिस को मिली। जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन की तस्दीक की, तो वह गायब हो चुके बीरेंद्र देवांगन की ही निकली।
पुलिस ने जांच शुरू की तो छह दिसंबर 2024 को मानव वन और शिवा रिसॉर्ट के मध्य एक क्षत-विक्षत अज्ञात शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान लापता बीरेंद्र देवांगन के रूप में हुई।
सामने आया खुशवंत का नाम
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल के हालात से हत्या की आशंका उपजने के बाद, थाना रुद्री पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और आसपास के सीसीटीवी फुटेजों को खंगालना शुरू किया। छानबीन के दौरान दुर्ग जिले के धनोरा निवासी 37 वर्षीय खुशवंत उर्फ खूबू साहू का नाम सामने आया, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की।
तंत्र-मंत्र के झांसे में लेकर जहर पिलाया
आरोपी ने जो खुलासे किए, उसने सबको हैरान कर दिया। उसने विश्वास में लेने के लिए तंत्र-मंत्र का जाल बुना और फिर योजनाबद्ध तरीके से गंगा जल में साइनाइड मिलाकर बीरेंद्र को पिला दिया। जब जहर अपना असर दिखाने लगा, तब मौत को पूरी तरह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उसने हेलमेट से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
