सेंट थॉमस कॉलेज भिलाई के लिए गर्व का क्षण: दो एनसीसी कैडेट भारतीय सेना (अग्निवीर) में चयनित






सेंट थॉमस कॉलेज भिलाई की एनसीसी इकाई के लिए यह अत्यंत गर्व एवं खुशी का अवसर है। महाविद्यालय के दो कैडेट्स का इंडियन आर्मी (अग्निवीर) में चयन हुआ है। चयनित कैडेट्स में कैडेट शुभम यादव एवं कैडेट लकी सिंग शामिल हैं। इस उपलब्धि से महाविद्यालय के एनसीसी इकाई में हर्ष का वातावरण है।
दोनों ही कैडेट्स लंबे समय से एनसीसी के विभिन्न गतिविधियों, परेड प्रशिक्षण एवं अनुशासनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेते रहे हैं। उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण के बल पर यह सफलता प्राप्त की है। प्रशिक्षण के दौरान दोनों कैडेट्स ने शारीरिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रसेवा की भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। महाविद्यालय के प्रशासक रेवरेंट फादर डॉ. पी.एस. वर्गीस, महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. शाइनी मेंडोंस एवं एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. सुरेखा जवादे एवं ले. संतोष यादव ने चयनित कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय के प्रशासक रेवरेंट फादर डॉ. पी. एस. वर्गीस ने कहा कि यह उपलब्धि महाविद्यालय एवं एनसीसी इकाई के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों कैडेट्स भविष्य में भी देशसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर संस्थान का नाम गौरवान्वित करेंगे।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. शाइनी मेंडोंस ने कहा कि कैडेट्स की यह सफलता उनके निरंतर प्रयास, अनुशासन एवं लगन का परिणाम है | उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेगी तथा एनसीसी के प्रति युवाओं का उत्साह बढ़ाएगी। महाविद्यालय परिवार एवं एनसीसी इकाई ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कैडेट्स की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

