प्रदेश में गर्मी अब खतरनाक स्तर की ओर बढ़ती नजर आ रही है। राजधानी रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ (CG Aaj Ka Mausam) के कई जिलों में तापमान लगातार सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। गुरुवार को माना एयरपोर्ट प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक रहा।






रायपुर शहर में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। यहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं दुर्ग में 44.2 और बिलासपुर में 44.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश में केवल दिन ही नहीं, बल्कि रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। रायपुर में न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो हिस्सों में अगले पांच दिनों तक ग्रीष्म लहर यानी लू चलने की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक सूखी हवाओं और साफ आसमान के कारण गर्मी का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है।
फिलहाल बारिश के आसार नहीं
प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। विभाग के अनुसार एक चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका सक्रिय होने के बावजूद प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा।
विशेषज्ञों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

