



राशन कार्ड में ई-केवाईसी कैसे करें, यहां देखें आसान तरीका; नहीं तो रुक जाएगा अनाज


राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी अब जरूरी हो गया है. समय पर यह प्रोसेस पूरी नहीं करने पर राशन मिलने में दिक्कत आ सकती है. जानिए इसे पूरा करने का आसान तरीका.
देश में करोड़ों लोग हर महीने सरकारी राशन पर निर्भर रहते हैं. सरकार राशन कार्ड के जरिए जरूरतमंद परिवारों को सस्ती या मुफ्त दर पर अनाज उपलब्ध कराती है. लेकिन अब यह सुनिश्चित करने के लिए कि योजना का लाभ सही लोगों तक पहुंचे. इसलिए राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी जरूरी कर दी गई है
सरकार समय-समय पर लाभार्थियों का डेटा अपडेट करती रहती है. जिससे रिकॉर्ड सही बना रहे. इसी वजह से ई-केवाईसी को जरूरी किया गया है. इससे यह साबित हो जाता है कि राशन कार्ड असली लाभार्थी के पास ही है. इसके अलावा इससे डुप्लीकेट या फर्जी एंट्री को हटाने में भी मदद मिलती है.
नए नियमों के अनुसार अब राशन कार्ड धारकों को हर पांच साल में एक बार ई-केवाईसी अपडेट करना जरूरी है. कई लोगों ने यह प्रोसेस काफी समय पहले पूरी की थी. इसलिए अब उन्हें इसे दोबारा अपडेट करना पड़ सकता है. इससे सरकारी रिकॉर्ड में लाभार्थियों की जानकारी ताजा बनी रहती है और भविष्य में किसी तरह की दिक्कत नहीं आती.
अब ई-केवाईसी करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है. इसे मोबाइल फोन से भी पूरा किया जा सकता है. इसके लिए सबसे पहले फोन में Mera KYC और Aadhaar FaceRD ऐप डाउनलोड करना होगा. ऐप खोलने के बाद अपनी लोकेशन डालें और आधार नंबर व कैप्चा भरकर आगे बढ़ें. इसके बाद मोबाइल पर आए ओटीपी से वेरिफिकेशन करना होगा.
ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद स्क्रीन पर आधार से जुड़ी जानकारी दिखाई देगी. यहां Face e-KYC का ऑप्शन चुनना होता है. इसके बाद फोन का कैमरा ऑन हो जाएगा. उपयोगकर्ता को अपना चेहरा स्कैन करना होगा या फोटो लेनी होगी. फोटो कैप्चर होते ही सबमिट का ऑप्शन दिखाई देगा. जिस पर टैप करते ही प्रोसेस आगे बढ़ जाएगी.
ई-केवाईसी पूरा होने के बाद इसका स्टेटस भी आसानी से चेक किया जा सकता है. इसके लिए फिर से Mera KYC ऐप खोलें और आधार नंबर, कैप्चा और ओटीपी डालकर लॉग-इन करें. इसके बाद स्क्रीन पर स्टेटस दिखाई देगा. अगर वहां Y लिखा है तो ई-केवाईसी पूरा हो चुका है. जबकि N दिखने का मतलब केवाईसी नहीं हुई है.
अगर किसी कारण से मोबाइल फोन से ई-केवाईसी नहीं हो पा रही है. तो ऑफलाइन तरीका भी मौजूद है. इसके लिए नजदीकी राशन दुकान या कॉमन सर्विस सेंटर पर जा सकते हैं. वहां आधार कार्ड और राशन कार्ड दिखाकर वेरिफिकेशन करवा सकते हैं
