



एक भारतीय महिला ने सिंगापुर में रहने की असली सच्चाई बताई है. वायरल वीडियो में उन्होंने महंगे किराए, अकेलेपन और वहां की चुनौतियों के बारे में खुलकर बात की है.


दुनिया के सबसे आधुनिक और विकसित शहरों में गिने जाने वाले सिंगापुर को अक्सर सपनों की जगह के रूप में देखा जाता है. साफ-सुथरी सड़कें, शानदार इमारतें और व्यवस्थित जीवनशैली के कारण कई लोग यहां बसने का सपना देखते हैं. लेकिन, एक भारतीय महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर सिंगापुर में रहने की असलियत बताई है. नेहा रावत नाम की भारतीय एक्सपैट ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में बताया कि सिंगापुर में जिंदगी उतनी आसान नहीं है जितनी सोशल मीडिया पर दिखती है.
नेहा रावत ने वीडियो में कहा, कि पहली नजर में सिंगापुर की जिंदगी बहुत व्यवस्थित और परफेक्ट लगती है. यहां सड़कें साफ हैं, ट्रैफिक की समस्या नहीं है और हर चीज एक तय सिस्टम से चलती है. उन्होंने बताया कि यहां समय की पाबंदी इतनी सख्त है कि अगर मास रैपिड ट्रांजिट यानी MRT ट्रेन दो मिनट भी लेट हो जाए तो लोग हैरान रह जाते हैं. लेकिन, इस शहर में रहने की सबसे बड़ी चुनौती खर्च है. नेहा के मुताबिक, सिंगापुर में किराया बहुत ज्यादा है. उन्होंने बताया कि यहां घर का किराया 3000 से 5000 सिंगापुर डॉलर तक हो सकता है, जो भारतीय रुपये में लगभग 2.1 लाख से 3.5 लाख रुपये के बीच बैठता है. इसके अलावा रोजमर्रा की चीजें जैसे किराना भी काफी महंगा पड़ता है.
नेहा ने यह भी बताया, कि सिंगापुर में कार खरीदना आम लोगों के लिए आसान नहीं है. यहां कार खरीदने से पहले COE (Certificate of Entitlement) लेना पड़ता है, जिसकी कीमत इतनी ज्यादा होती है कि कई लोग कार खरीदने का विचार ही छोड़ देते हैं.
नेहा रावत ने कहा, कि सोशल मीडिया पर सिंगापुर की जिंदगी बहुत ग्लैमरस दिखाई देती है, लेकिन असलियत अलग है. उनके मुताबिक, खासकर उन लोगों के लिए जो अपने पार्टनर के साथ यहां आते हैं और खुद काम नहीं करते, जिंदगी कभी-कभी काफी अकेली हो सकती है. उन्हें नए देश में खुद को ढालना पड़ता है, कई बार अपना करियर रोकना पड़ता है और नए दोस्तों का दायरा भी शुरू से बनाना पड़ता है.
मेहनत करने वालों को मिलता है फायदा
हालांकि, नेहा का कहना है कि सिंगापुर पूरी तरह नकारात्मक जगह नहीं है. उनके अनुसार यह शहर बहुत सुरक्षित है और यहां काम करने वालों को आगे बढ़ने के अच्छे मौके मिलते हैं. उन्होंने कहा, कि अगर कोई मेहनत करने के लिए तैयार है और नए माहौल के अनुसार खुद को ढाल सकता है, तो सिंगापुर उसे आगे बढ़ने का मौका जरूर देता है.
नेहा रावत के मुताबिक, सिंगापुर की जिंदगी सिर्फ Marina Bay की तस्वीरें और महंगे ब्रंच तक सीमित नहीं है. यहां अनुशासन, महंगा जीवन, करियर का दबाव और व्यक्तिगत विकास का लंबा सफर शामिल है. लेकिन जो लोग इन चुनौतियों को स्वीकार कर लेते हैं, उनके लिए यह शहर नई संभावनाओं के दरवाजे भी खोल देता है.
