



नई दिल्ली: जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान की तरफ से लगातार सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है। 29 और 30 अप्रैल की रात को नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टरों में LoC पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की खबरें आईं। भारत ने भी पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। इस बीच सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के एक एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया है।



सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस पोस्ट में एक दुर्घटनाग्रस्त विमान भी नजर आ रहा है। सजग टीम ने इस दावे की पड़ताल की और सच्चाई का पता लगाया।
वीडियो के साथ क्या है दावा?
दुर्घटनाग्रस्त विमान का वीडियो शेयर करते हुए प्रदीप धीमान हिंदू नाम के शख्स ने लिखा है, ‘आधी रात को भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया।’
इसी तरह के दावे के साथ यह वीडियो सुनील शुक्ला, नगेंद्र सिंह राजपूत, दीपक एस, उज्जवल कुमार, यूनाइटेड हिंदू, नायिका, संजय गुर्जर, वर्षा सिंह, PKMKB Forever, नेशनलिस्ट और शिल्पा साहू ने भी शेयर किया है।
वीडियो की हकीकत क्या है?
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए इस वीडियो की हकीकत का पता लगाने के लिए हमने इसके कीफ्रेम को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। यहां पड़ताल में हमारे सामने कुछ खबरों और कुछ सोशल मीडिया पोस्ट के लिंक खुले। इनसे हमें पता चला कि जिस वीडियो को पाकिस्तान पर भारत के एक्शन के तौर पर दिखाया जा रहा है, वह लगभग एक साल पुराना वीडियो है। उस समय भारतीय वायुसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।
सर्च में मिली, 4 जून 2024 की लोकमत टाइम्स की खबर के मुताबिक, महाराष्ट्र में नाशिक के शिरासगांव इलाके में भारतीय वायुसेना का एक सुखोई 30 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राहत की बात रही कि विमान के पायलट सुरक्षित बच गए, उन्होंने पैराशूट की मदद से अपनी जान बचाई। दुर्घटना के बाद विमान दो टुकड़ों में टूट गया और खेत में गिरते ही उसमें आग लग गई। खबर में वह वीडियो भी लगा है, जो इस समय वायरल है।
निष्कर्ष
सोशल मीडिया पर एक वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि सीमा पर चल रहे तनाव के बीच भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के एक लड़ाकू विमान को मार गिराया है। सजग की पड़ताल में यह दावा झूठा पाया गया। वायरल वीडियो एक साल पुराना है और नाशिक में भारतीय वायुसेना के सुखोई 30 विमान के क्रैश होने का है।