लखनऊ में दुष्कर्म एवं लूटपाट के बाद महिला की हत्या का मुख्य आरोपी पुलिस से मुठभेड़ में ढेर हो गया

राजधानी लखनऊ में दुष्कर्म एवं लूटपाट के बाद महिला की हत्या का मुख्य आरोपी शुक्रवार की रात पुलिस से मुठभेड़ में ढेर हो गया। यह मुठभेड़ मलिहाबाद थाना क्षेत्र के देवम लान के पास हुई।इससे पहले पुलिस ने घटना में शामिल मुख्य आरोपी के भाई दिनेश को गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपी अजय फरार चल रहा था। इस पर पुलिस ने एक लाख का इनाम घोषित किया था। रात को मुख्य आरोपी का पुलिस से सामना हो गया। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से वह ढेर हो गया।मूल रूप से अयोध्या के रौनाही क्षेत्र की रहने वाली महिला की बुधवार रात आलमबाग बस अड्डे से भाई के घर जाते समय दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी थी। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस व क्राइम ब्रांच की छह अलग-अलग टीमें घटना के खुलासे के लिए लगी थीं। मलिहाबाद कसमंडी स्थित एक अस्पताल से ई ऑटो की फुटेज मिली थी। इसके बाद पुलिस ने जब पूरे रूट को चेक किया तो कई जगह से फुटेज पुलिस के हाथ लगे।सर्विलांस की मदद से घटनास्थल के पास एक्टिव मोबाइल नंबर की मदद से आरोपियों के बारे में जानकारी हुई। बृहस्पतिवार को मलिहाबाद के सन्यासी बाग के पास से वारदात में शामिल दिनेश को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दिनेश ने बताया कि वारदात में उसका सगा भाई अजय भी शामिल था। अजय ही आलमबाग बस अड्डे से महिला को ऑटो में बैठकर निकला था। अंधे की चौकी के पास अजय ने भाई दिनेश को भी बैठा लिया।

मलिहाबाद के मोहम्मदनगर पहुंचने पर महिला का मोबाइल छीन लिया। इसके बाद आरोपी महिला को वाजिदनगर बाग ले गए और दुष्कर्म किया। विरोध करने पर दुपट्टे से गला कसकर महिला की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मोबाइल फोन, जेवर और बैग लूटकर भाग निकले। उधर रात दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि फरार अजय बाइक से हरदोई भागने वाला है। पुलिस की टीम ने उसकी तलाश में घेराबंदी की तो अजय मलिहाबाद के महमूदनगर इलाके पुलिस को दिखा। पुलिस ने उसको रोकने का प्रयास किया तो अजय बाइक लेकर भागने लगा। भागने के दौरान अजय बाइक लेकर गिर पड़ा।खुद को फंसता देख वह बाइक छोड़कर भागा और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की और अजय को दो गोली लगी। पुलिस ने उसको पहले सीएचसी और फिर ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। अजय के पास से एक तंमचा, दो मोबाइल फोन, कुछ रुपये, व अन्य सामान मिला है।

डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि वारदात में शामिल दोनों सगे भाई पेशेवर अपराधी हैं। गिरफ्तार दिनेश के खिलाफ पहले से चोरी, दुष्कर्म और गैंगस्टर के कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। मुख्य आरोपी अजय के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में चोरी, गैंगस्टर के कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं।महिला की हत्या के मामले में शुरू से ही दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही थी। जबकि पुलिस दुष्कर्म के प्रयास की बात कह रही थी। हत्यारोपी दिनेश के पकड़े जाने के बाद अब केस में दुष्कर्म की धारा 64 (1) और लूट की धारा 309 (4) बढ़ाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post बिहार-तिहार स्नेह मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री श्री साय
Next post शहर में खुलेआम तलवार लहराकर लोगों को डराने वाले बदमाश को पुलिस ने धर दबोचा