तेलंगाना के श्रीशैलम टनल में फंसे झारखंड के मजदूरों के परिजनों को अब ईश्वर पर भरोसा, अंदर से नहीं मिल रहा कोई रिस्पांस

रांचीः तेलंगाना में निर्माणाधीन श्रीशैलम टनल की छत का एक हिस्सा ढहने से झारखंड के गुमला निवासी चार मजदूर समेत आठ लोग अंदर में फंसे हुए हैं। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचावकर्मी सुरंग में 13 किलोमीटर अंदर पहुंचकर मशक्कत कर रहे हैं। लेकिन रेस्क्यू टीम के नाम पुकारे जाने पर भी कोई जवाब नहीं मिल रहा है।

गांव के मंदिरों में पूजा, परिजन बोले- अब ईश्वर ही भरोसा

सुरंग में फंसने वाले मजदूरों के गुमला के करौंदी तिर्रा निवासी संतोष साहू, घघरा के खंभिया कुंबाटोली निवासी अनुज साहू, पालकोट के उमड़ा नकटीटोला गांव निवासी संदीप साहू और रायडीह प्रखंड के कोबीटोला गांव निवासी जगता खेस शामिल हैं। मजदूरों के सकुशल आने के लिए उनके गांव के मंदिरों में पूजा की गई। उनके परिजनों ने कहा कि अब ईश्वर पर ही भरोसा है।

गुमला के 50 मजदूर टनल बनाने तेलंगाना गए

तेलंगाना में मजदूरी करने गए मधु साहू ने बताया कि गुमला जिले के 50 मजदूर टनल बनाने के निर्माण कार्य में लगे हैं। उन्होंने बताया कि गुमला के अधिकांश मजदूर 2015 से ही तेलंगाना आ रहे हैं। कुछ मजदूर 2022 और 2023 में तेलंगाना गए थे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि तीन महीने से मजदूरों को मजदूरी का भी भुगतान नहीं हुआ है। इन मजदूरों को 15 हजार से 22 हजार रुपये तक का मानदेय मिलता है।

रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने में विलंब करने का आरोप

मजदूरों की ओर से यह भी आरोप लगाया है कि रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने में विलंब हुआ, यदि समय पर अभियान शुरू किया जाता तो अंदर फंसे मजदूरों को बाहर निकाल लिया जाता। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुरंग में साथ काम कर रहे गुमला के अन्य मजदूर फंसे साथियों की वापसी के लिए घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर धरना पर बैठे हुए हैं।

सीएम के निर्देश पर घर जाकर जुटाई गई जानकारी

इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष तेलंगाना सरकार से लगातार संपर्क में हैं। वहीं गुमला के श्रम अधीक्षक और जिला प्रशासन की टीम ने रविवार को पीड़ितों के घर जाकर पारिवारिक जानकारी लेते हुए फंसे श्रमिकों के बारे में सत्यापन किया। जिला प्रशासन की ओर से परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post शर्मनाक: हॉस्पिटल, गंगा स्नान, मैरेज हाल-पार्लर के 2000 से ज्यादा वीडियो… गुजरात पुलिस के खुलासे से हिल जाएंगे
Next post रायपुर सेंट्रल जेल के बाहर जश्न मनाना कांग्रेस नेताओं को पड़ा भारी, FIR दर्ज