



उज्जैन. उज्जैन में बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक ज्योतिषाचार्य ने अपने घर पर झाड़ू-पोछा और अन्य काम करने के लिए एक नौकरानी को काम पर रखा था. उस महिला ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर ज्योतिषाचार्य को कुछ ऐसा फंसाया कि उससे करीब 4 करोड़ रुपये ऐंठ लिए.
नौकरानी ने ज्योतिषाचार्य के कुछ अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए. फिर ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू किया. नीलगंगा थाना पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है. इतना ही नहीं, नौकरानी के घर से करीब 45 लाख रुपये नकद और 55 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण भी पुलिस ने बरामद किए हैं. महिला अपने प्रेमी और अन्य सहयोगियों के साथ ब्लैकमेल का खेल खेल रही थी.

मामले का खुलासा करते हुए एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि अलखधाम नगर में रहने वाले एक ज्योतिषाचार्य ने लगभग दो साल पहले पिंकी गुप्ता नामक की एक महिला को झाड़ू-पोछा के लिए काम पर रखा था. महिला ने कुछ दिनों तक तो ठीक से काम किया फिर अपने प्रेमी राहुल मालवीय के साथ मिलकर ज्योतिषाचार्य के आपत्तिजनक वीडियो बना लिए. फिर नौकरानी पिंकी वीडियो दिखाकर ज्योतिषाचार्य को ब्लैकमेल करने लगी. शहर में प्रतिष्ठा खराब न हो जाए इसलिए ज्योतिषाचार्य ब्लैकमेल होते रहे. उन्होंने अपने नाम की बहुमूल्य जमीने बेचकर करोड़ों रुपये पिंकी गुप्ता को मुंह बंद रखने के लिए दिए. मामले का खुलासा उस समय हुआ जब ज्योतिषाचार्य से पिंकी गुप्ता ने 10 लाख रुपय और मांगे लेकिन उन्होंने ब्लैकमेलिंग के बारे में अपने बेटे को बता दिया. फिर बेटे ने नीलगंगा थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी.
परिवार की शिकायत पर पुलिस ने नौकरानी पिंकी, उसकी मां सजन बाई और बहन रजनी पाटीदार को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से पुलिस को 45 लाख कैश और 55 लाख के गहने भी बरामद हुए. पुलिस को अभी भी महिला के प्रेमी राहुल मालवीय की तलाश है. पुलिस जांच में पता चला कि पिंकी गुप्ता को केवल सात हजार रुपये सैलरी पर रखा गया था. उसकी बहन रजनी पाटीदार भी झाड़ू-पोछा का काम करती थी.