



वाराणसी। प्रयागराज में 13 जनवरी 2025 से शुरू होने वाले महाकुंभ 2025 के लिए पूर्वांचल डिस्कॉम ने विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं और आगंतुकों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति देने के लिए विभिन्न बुनियादी ढांचा निर्माण कार्यों की योजना बनाई गई है।

पूर्वांचल डिस्कॉम ने महाकुंभ के लिए 182 किलोमीटर एचटी लाइन, 1405 किलोमीटर एलटी लाइन और 170 11/0.4 केवी 400 केवीए उपकेंद्रों के निर्माण की योजना बनाई है। इसके साथ ही 128 11/0.4 केवी 100 केवीए उपकेंद्रों, 14 11/0.4 केवी 250 केवीए उपकेंद्रों और 30 पान्टून ब्रिजों पर विद्युतीकरण और एलईडी लाइट्स की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा, 67,000 एलईडी स्ट्रीट लाइट्स की स्थापना और 4,25,000 कैम्प कनेक्शंस की व्यवस्था की जा रही है।
वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति प्रणाली
महाकुंभ के दौरान विद्युत आपूर्ति में किसी प्रकार के व्यवधान को रोकने के लिए वैकल्पिक विद्युत स्रोतों की व्यवस्था की गई है। 7 पारेषण उपकेंद्रों और 14 33/11 केवी उपकेंद्रों के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की जाएगी। महत्वपूर्ण स्थलों पर स्वचालित RMU (रिंग मेन यूनिट) की स्थापना की गई है, जिससे विद्युत व्यवधान होने पर 30 सेकंड के भीतर आपूर्ति फिर से सामान्य हो जाएगी। इसके अतिरिक्त, डीजी सेट के माध्यम से वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
सुरक्षा पर प्रशासन का फोकस
महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र में सभी एचटी और एलटी लाइनों की गार्डिंग और पोल की अर्थिंग की गई है। कैम्पों में शॉर्ट-सर्किट की घटनाओं से बचने के लिए कंड्यूक्ट पाइप के माध्यम से वायरिंग की जा रही है। इसके साथ ही, विद्युत सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के पम्पलेट का भी वितरण किया जा रहा है।
हाईब्रिड सोलर स्ट्रीट लाइट का हो रहा प्रयोग
महाकुंभ में ऊर्जा की खपत को कम करने के लिए हाईब्रिड सोलर स्ट्रीट लाइट का प्रयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही, उन स्थानों पर जहां विद्युत तंत्र उपलब्ध नहीं है, वहां डीजी सेट से ऊर्जीकृत हाई मास्ट लाइट लगाए जा रहे हैं।
शहरी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुधार
महाकुंभ के दौरान शहरी क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्थायी कार्य किए जा रहे हैं। इसमें 1 नग 2X10 एमवीए 33/11 केवी न्यू बेली उपकेंद्र का निर्माण, 4 लिंक 33 केवी लाइनों का निर्माण और 98 नग 11/0.4 केवी वितरण ट्रांसफॉर्मर की स्थापना शामिल है। इसके अलावा, मेला और पेशवाई मार्गों पर 75 नग 250 केवीए ट्रांसफॉर्मर की स्थापना और AB केबलिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है।
महाकुंभ के दौरान विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 132/33 केवी हेतापट्टी उपकेंद्र को ऊर्जीकृत कर दिया गया है, जिससे मेला क्षेत्र और प्रयागराज शहर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। 3 नई 33 केवी लाइनों का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है।
इन तैयारियों के साथ, महाकुंभ 2025 के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की विद्युत आपूर्ति में रुकावट का सामना नहीं करना पड़ेगा।