



शिवपुरी : नागपुर के डॉली चाय वाले की तरह अब मध्य प्रदेश के शिवपुरी का चायवाला फेमस हो रहा है. मुरारी चायवाले ने रविवार को कुछ ऐसा किया कि देखने वालों की भीड़ जुट गई. दरअसल, रविवार को मुरारी चायवाला अपनी बेटी के लिए मोपेड खरीदने क्रेन, बग्गी, डीजे और ढोल के साथ पहुंचा तो एक अलग ही माहौल बन गया. बताया जा रहा है कि मुरारी चायवाले ने 90 हजार की मोपेड खरीदने के लिए खुशी में 60 हजार रुपए ऊपर खर्च कर दिए.


लोग देखते रह गए चाय वाले का कारनामा
मोबाइल खरीदने पर भी मनाया था जश्न
आपको जानकर हैरानी होगी कि मुरारी चाय वाले का ये कोई पहला कारनामा नहीं है. कुछ महीनों पहले जब उसने अपनी बेटी के लिए मोबाइल खरीदा था, तब मोबाइल घर ले जाने में 25 हजार रुपए खर्च कर दिए थे. मुरारी ने उस वक्त 12 हजार 500 रुपए का मोबाइल खरीदा था, लेकिन उसे घर तक ले जाने के लिए डोल ताशे, डीजे व बग्गी में उसने 25 हजार रुपए खर्च किए थे. शहर में मुरारी चायवाले का ये अजीब कारनामा चर्चाओं में रहा और सोशल मीडिया पर उसके वीडियो खूब वायरल भी हुए.
रंग में पड़ा भंग, पुलिस ने जब्त किया डीजे
इधर रविवार को इस पूरे घटनाक्रम का रोचक पहलू यह भी रहा कि जब मुरारी शोरूम से डीजे व बग्गी के साथ एसपी कोठी के सामने से निकला तो पुलिस ने डीजे जब्त कर लिया. पुलिस के मुताबिक बिना अनुमति के तेज आवाज में डीजे बजाने पर ये कार्रवाई की गई. टीआई रोहित दुबे ने कहा, ”इस मामले में कार्रवाई की जा रही है.”